शहर में सौहार्द के साथ मनी बकरीद
Updated at : 13 Aug 2019 7:55 AM (IST)
विज्ञापन

रांची : राजधानी में सोमवार को ईद उल अजहा (बकरीद) का त्योहार आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया. इस अवसर पर राजधानी की विभिन्न ईदगाहों और मसजिदों में नमाज अदा की गयी अौर सबकी खुशहाली, तरक्की और राज्य व देश की उन्नति के लिए दुआ मांगी गयी. हरमू रोड स्थित रांची ईदगाह में सुबह नौ […]
विज्ञापन
रांची : राजधानी में सोमवार को ईद उल अजहा (बकरीद) का त्योहार आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया. इस अवसर पर राजधानी की विभिन्न ईदगाहों और मसजिदों में नमाज अदा की गयी अौर सबकी खुशहाली, तरक्की और राज्य व देश की उन्नति के लिए दुआ मांगी गयी. हरमू रोड स्थित रांची ईदगाह में सुबह नौ बजे बकरीद की नमाज शुरू हुई अौर 9.28 बजे नमाज समाप्त हुई.
इस अवसर पर मौलाना डॉ असगर मिसबाही ने अपने संदेश में कहा कि बकरीद आपसी भाईचारगी, प्रेम अौर सौहार्द के प्रतीक का त्योहार है. इस दिन होनेवाली कुर्बानी हमें संदेश देती है कि कैसे हम अपने अंदर की बुराई को समाप्त करते हुए अच्छाई की अोर बढ़ें. उन्होंने कहा कि हमारा देश आपसी भाईचारगी का देश है. यह देश पूरे विश्व में सबसे प्यारा देश है, जहां सभी भाई लोग आपस में मिलजुल कर रहते हैं.
उन्होंने सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के लिए सभी से पहल करने की अपील की. कहा कि इस्लाम में शिक्षा को विशेष महत्व दिया गया है. इसके बावजूद हमारे यहां शिक्षा की स्थिति ठीक नहीं है . विशेषकर महिला शिक्षा की. इसके उत्थान के लिए हम सबको मिलकर प्रयास करने की जरूरत है.
उन्होंने शादी विवाह आदि के प्रसंग पर चर्चा करते हुए कहा कि शादी में बेफिजूल का खर्च बंद करना चाहिए. यह शादी हमें मसजिदों में घोषणा करके करनी चाहिए. जिससे न सिर्फ बेफिजूल का खर्च बंद होगा, बल्कि इससे घरों में तरक्की आयेगी. वहीं इस तरह की शादी से ऊपरवाले भी खुश होते हैं. उन्होंने दहेज को हराम बताते हुए कहा कि यह लड़कीवालों पर जुर्म है. हमें किसी पर जुर्म करने का कोई हक नहीं है.
उन्होंने तीन तलाक के मुद्दे पर कहा कि जब हमारे यहां एक तलाक से तलाक हो जाता है, तो फिर तीन तलाक की नौबत कहां से आती है. उन्होंने शादी को क्रिमिनल एक्ट से जोड़कर तीन साल की सजा देने को गलत बताया. मौके पर नमाज अदा करने के लिए काफी संख्या में लोग आये थे. नमाज की समाप्ति के बाद सभी लोगों ने एक दूसरे को त्योहार की मुबारकबाद दी.
यहां पहाड़ीटोला व अंजुमन की अोर से सरफराज अहमद ने सभी को बधाई दी. श्री महावीर मंडल रांची के अध्यक्ष जयसिंह यादव, मंत्री ललित अोझा व प्रदीप राय बाबू सहित अन्य लोगों ने सभी को बकरीद की मुबारकबाद दी. यहां सुरक्षा व्यवस्था के लिए काफी संख्या में पुलिस बल को लगाया गया था .
डोरंडा ईदगाह में पढ़ी गयी नमाज
डोरंडा ईदगाह में बकरीद की नमाज पीरे तरीकत मौलाना सैय्यद शाह अलकमा शिबली कादरी ने पढ़ायी. उन्होंने लोगों को कुर्बानी के त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने और इस पर अमल करके जिंदगी गुजारने की बात कही. यहां भी काफी संख्या में लोग नमाज अदा करने के लिए आये थे.
नमाज के बाद दी गयी कुर्बानी
नमाज की समाप्ति के बाद घरों में कुर्बानी दी गयी. इसके बाद उसका बंटवारा किया गया अौर अपने सगे संबंधियों के घर भिजवाया गया. वहीं घरों में कई व्यंजन बनाये गये थे, जिसका लोगों ने लुत्फ उठाया. वहीं एक-दूसरे के घरों में जाकर त्योहार की मुबारकबादी दी अौर विभिन्न व्यंजनों का लुत्फ उठाया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




