ePaper

विभिन्न वार्डों के मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान हुआ, सभी केंद्रों पर थी पुलिस बल की तैनाती

Updated at : 23 Feb 2026 8:20 PM (IST)
विज्ञापन
विभिन्न वार्डों के मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान हुआ, सभी केंद्रों पर थी पुलिस बल की तैनाती

रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 11, 12, 13, 14, 15, 16 व 17 में मतदान आज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया.

विज्ञापन

गिद्दी. रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 11, 12, 13, 14, 15, 16 व 17 में मतदान आज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. कई मतदान केंद्रों में अपेक्षित ढंग से मतदान हुआ है. सुबह में मतदाता अपने घरों से कम निकले, लेकिन 10 बजे के बाद से खासकर ग्रामीण क्षेत्र के कई बूथों पर लंबी कतारे लग गयी. सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती थी. दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी लगातार बूथों का निरीक्षण करते रहे. कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है. महिलाओं, युवाओं व बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया. कोयला पट्टी की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक मतदान हुआ

कोयला पट्टी क्षेत्र की अपेक्षा ग्रामीण इलाकों में अधिक मतदान हुआ है. मनुआ, हेसला, कहुआबेड़ा, तेलियाटॉड़, बड़कीटॉड़, ग्राम चेनगड्डा, गैरवाटॉड़ के बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली और कई केंद्रों पर घंटों लंबी कतारे लगी रही. ग्रामीणों क्षेत्रों में महिलाओं, युवाओं व बुजुर्गों की भागीदारी उल्लेखनीय रही. कोयला पट्टी के अरगड्डा, सिरका के बूथों पर अपेक्षाकृत कम मतदान हुआ है. हालांकि वार्ड नंबर 14 के एक मतदान केंद्र पर लंबी कतांरे देखी गयी है. सुबह नौ बजे तक 10 प्रतिशत मतदान हुआ, लेकिन धीरे-धीरे मतदान का प्रतिशत बढ़ता चला गया.

युवा मतदाताओं में दिखा खासा उत्साह, पहली बार वोट देने वालों में दिखी खुशी

रामगढ़ नगर निकाय चुनाव के दौरान युवा मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. सुबह से ही बड़ी संख्या में युवा मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंच कर अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आये. खासकर पहली बार वोट देने वाले युवाओं में अलग ही उत्साह व गर्व का भाव दिखा. पहली बार मतदान करने पहुंची सिरका की शहनाज परवीन व तमन्ना ने कहा कि यह हमारे लिए लोकतंत्र का हिस्सा बनने का महत्वपूर्ण अवसर है. सिरका की अंकिता कुमारी व हेसला की निशा कुमारी ने कहा कि पहली बार वोट देकर बहुत अच्छा महसूस हो रहा है. युवाओं को राजनीति व प्रशासनिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए.

बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था का दावा, पर कई बूथों पर व्हीलचेयर तक नहीं

प्रशासन ने बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था का दावा किया था, लेकिन वार्ड नंबर 13, 14 व 16 के बूथों पर व्हीलचेयर तक उपलब्ध नहीं थी. जिससे दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा. परिजनों के सहारे कई बुजुर्ग मतदाता मतदान केंद्र तक पहुंचे. कुछ स्थानों पर लोगों ने सहयोग कर दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाया. बुजुर्ग मतदाताओं ने कहा कि बूथों पर पर्याप्त व्यवस्था होती, तो उन्हें कठिनाई नहीं उठानी पड़ती. इसके वाबजूद बजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखायी दी. सुविधाओं के अभाव के वाबजूद बुजुर्ग मतदाता चुटू महतो, लगनी देवी, सुशील कुमार सिन्हा सहित अन्य मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभायी.

बैलेट पेपर से हुआ है मतदान

रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के वार्डों में इस बार मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न हुआ. मतदाताओं ने मत पत्र पर अपनी पसंद के प्रत्याशी के चुनाव चिन्ह पर मुहर लगाकर मताधिकार का प्रयोग किया. हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में कई मतदाताओं ने मुहर लगाने तथा बैलेट पेपर को मोड़ने में गड़बड़ियां की है. साथ ही मतदाताओं ने मतदान करने में अधिक समय लिया. पीठासीन पदाधिकारी ने कहा कि जागरूकता नहीं रहने के कारण मतदाताओं ने गड़बड़ियां की है.

प्रत्याशियों ने अपनी कार, टेंपो व टोटो से मतदाताओं को घर से केंद्र तक लाया

वार्ड पार्षद प्रत्याशी अपने-अपने मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से लेकर शाम तक जमे रहे. इस दौरान कई प्रत्याशी मतदाताओं से अपने पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे थे. एक महिला मतदाता ने कहा कि अभी तक हमें राशनकार्ड नहीं बना है. प्रत्याशी ने उन्हें आश्वासन दिया कि अबकी बार हमारी जीत होगी, तो एक महीने के अंदर राशनकार्ड बना देगे. इस तरह का आश्वासन प्रत्याशी लगातार मतदाताओं को देते रहे. कई प्रत्याशियों के कार, टेंपो, टोटो से मतदाताओं को घरों से केंद्र तक लाया गया. घर से पैदल आने वाले मतदाताओं की संख्या बेहद कम थी.

विज्ञापन
VIKASH NATH

लेखक के बारे में

By VIKASH NATH

VIKASH NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola