झारखंड के इस शख्स ने मरने के बाद भी किया ऐसा काम, हर तरफ हो रही चर्चा; जानकर आप भी करेंगे सलाम
फाइल फोटो रामकेश्वर महतो
पलामू के हुसैनाबाद निवासी सामाजिक कार्यकर्ता रामकेश्वर महतो का 70 वर्ष की आयु में निधन हो गया. उन्होंने जीवनकाल में ही चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए देहदान का संकल्प लिया था. उनकी इस मिसाल को 'कलयुग के दधीचि' की उपमा दी जा रही है.
हुसैनाबाद, पलामू : हुसैनाबाद प्रखंड के पतरा पंचायत के दमदमी गांव निवासी प्रखर अंबेडकरवादी और सामाजिक कार्यकर्ता रामकेश्वर महतो का रविवार को 70 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. जीवनभर सामाजिक न्याय और वंचितों की आवाज उठाने वाले रामकेश्वर महतो ने मृत्यु के बाद भी समाज की सेवा करने की मिसाल पेश की. उन्होंने जीवनकाल में ही चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए देहदान का संकल्प लिया था.
आपके शहर में
उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार परिजनों ने उनका पार्थिव शरीर रिम्स, रांची के एनाटॉमी विभाग को सौंप दिया. इस तरह मरणोपरांत भी उन्होंने चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए अपना शरीर समर्पित कर दिया. उनके इस फैसले को क्षेत्र के लोग कलयुग के दधीचि की मिसाल बता रहे हैं.
छात्र जीवन से ही अंबेडकरवादी विचारधारा से प्रभावित
5 मार्च 1956 को किसान मुनीश्वर महतो के घर जन्मे रामकेश्वर महतो छात्र जीवन से ही अंबेडकरवादी विचारधारा से प्रभावित थे. उन्होंने अपना पूरा जीवन शोषितों, वंचितों और सामाजिक रूप से पिछड़े लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए बिताया. हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र में उनकी पहचान एक जुझारू, निष्ठावान और संघर्षशील जननेता के रूप में बनी.
सोहेया पहाड़ बचाने के लिए दो साल से अधिक किया आंदोलन
रामकेश्वर महतो सामाजिक न्याय के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी लगातार सक्रिय रहे. सोहेया पहाड़ को अवैध खनन से बचाने के लिए उन्होंने सोहेया पहाड़ बचाओ संघर्ष समिति का गठन किया था. इसके बाद उन्होंने जिला मुख्यालय से लेकर अनुमंडल कार्यालय तक कई धरना-प्रदर्शन किये.
पहाड़ के अस्तित्व को बचाने के लिए वे दमदमी पहाड़ के पास लगातार दो वर्षों से अधिक समय तक धरने पर बैठे रहे. अवैध उत्खनन के खिलाफ उन्होंने रांची हाइकोर्ट में याचिका भी दायर की थी, जो फिलहाल विचाराधीन है.
निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर
रामकेश्वर महतो के निधन की खबर फैलते ही पूरे हुसैनाबाद-पुष्पराज क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी. उनके अंतिम दर्शन के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण दमदमी गांव पहुंचे. लोगों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
शोक व्यक्त करने वालों में स्थानीय विधायक संजय कुमार यादव, पूर्व विधायक कमलेश कुमार सिंह, कुशवाहा शिवपूजन मेहता, बसपा नेता शेर अली, राजद नेता मदन पासवान, भाजपा नेता रवींद्र कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह, विनय पासवान, गुरु प्रसाद, मुकेश कुमार मेहता और हरि मेहता शामिल रहे. सभी ने रामकेश्वर महतो के निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया.
SEO Keywords: रामकेश्वर महतो, रामकेश्वर महतो देहदान, हुसैनाबाद समाचार, पलामू न्यूज, रिम्स रांची, देहदान, सोहेया पहाड़, अंबेडकरवादी नेता, रामकेश्वर महतो निधन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए