पलामू में लूट की बड़ी साजिश नाकाम, लोडेड कार्बाइन के साथ 3 अपराधी गिरफ्तार , एक पूर्व उग्रवादी का भाई
गिरफ्तार अपराधियों के बारे में जानकारी देते एसपी.
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पांकी थाना क्षेत्र में तीन अपराधियों को देसी कार्बाइन के साथ गिरफ्तार किया है. वे एक व्यापारी को लूटने की फिराक में थे. तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है.
मेदिनीनगर, पलामू : पांकी थाना क्षेत्र के बनखेता जाने वाली ग्रामीण सड़क के किनारे टोला कोलवा में पुलिस ने देसी कार्बाइन के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में सोहन गंझू (38), सिकंदर गंझू (22) और सुमन यादव (23) शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से लोडेड देशी कार्बाइन, एक लोडेड मैगजीन, सात कारतूस, एक खोखा, तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं.
आपके शहर में
व्यापारी से लूटपाट की फिराक में थे अपराधी
एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियार के बल पर किसी व्यापारी के साथ लूटपाट करने की फिराक में हैं. सूचना के आधार पर एसडीपीओ लेस्लीगंज प्रशांत कुमार-02 के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गयी. टीम ने बनखेता जाने वाली ग्रामीण सड़क के किनारे टोला कोलवा में छापेमारी की.
पुलिस टीम ने मौके पर दो मोटरसाइकिल के साथ पांच लोगों को खड़ा देखा. पुलिस बल को देखते ही सभी भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर तीन अपराधियों को पकड़ लिया, जबकि दो भागने में सफल रहे. तलाशी के दौरान सोहन गंझू के पास से लोडेड देशी कार्बाइन बरामद हुई.
उग्रवादी भाई का था कार्बाइन
एसपी ने बताया कि सोहन गंझू का भाई सीता गंझू पहले टीपीसी उग्रवादी था और कार्बाइन लेकर चलता था. वर्ष 2011 में पुलिस के साथ मुठभेड़ में सीता गंझू मारा गया था. इसके बाद सोहन गंझू ने उसका कार्बाइन अपने पास रख लिया और गैंग बनाकर लूटपाट करने लगा. पुलिस के अनुसार आरोपी अफीम की खरीद-बिक्री करने वाले लोगों को निशाना बनाकर लूटपाट करते थे.
तीनों का पहले से आपराधिक इतिहास
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. इनके खिलाफ लूटपाट, एनडीपीएस और डकैती से जुड़े मामले दर्ज हैं. सोहन गंझू के खिलाफ तीन, सिकंदर गंझू के खिलाफ दो और सुमन यादव के खिलाफ दो मामले पूर्व से दर्ज हैं.
छापेमारी टीम में एसडीपीओ लेस्लीगंज प्रशांत कुमार-02, पुलिस अवर निरीक्षक रविंद्र राहुल साय, रंजीत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अमित कुमार उपाध्याय समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए