नगर निगम में शामिल हुए 8 साल, फिर भी सड़क-पानी-रोशनी को तरस रहा बैंक कॉलोनी

Updated:
विज्ञापन

सड़क का खस्ताहाल | Prabhat Khabar Network

मेदिनीनगर नगर निगम के बैंक कॉलोनी में आठ साल बाद भी सड़क, पानी और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है, जिससे स्थानीय निवासी काफी परेशान हैं.

विज्ञापन

मेदिनीनगर. नगर निगम क्षेत्र में शामिल होने के आठ साल बाद भी वार्ड नंबर दो के बैंक कॉलोनी मोहल्ले के लोगों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं. रोड संख्या चार में रहने वाले लोग जर्जर कच्ची सड़क, जलजमाव, पेयजल संकट और स्ट्रीट लाइट की समस्या से परेशान हैं. बारिश के दिनों में लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है. कच्ची सड़क पर जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बारिश में सड़क पर चलना हुआ मुश्किल

बैंक कॉलोनी रोड संख्या चार के लोगों के घरों तक पहुंचने के लिए कच्ची सड़क है. बारिश के बाद सड़क पर कई जगह गड्ढे बन गये हैं. जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है. स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर चुके हैं. बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी परेशानी होती है.

पेयजल की भी नहीं है व्यवस्था

मोहल्ले में शुद्ध पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है. स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां एक भी सरकारी चापानल नहीं है और नगर निगम की जलापूर्ति व्यवस्था भी नहीं पहुंची है. लोगों का कहना है कि क्षेत्र को ड्राई जोन के रूप में चिन्हित किया गया है. गर्मी के दिनों में लोगों को दूर से पानी लाकर काम चलाना पड़ता है.

रात में अंधेरे में गुजरना मजबूरी

मुख्य मार्ग से सटे होने के बावजूद बैंक कॉलोनी के इस हिस्से में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है. रात में उबड़-खाबड़ और गड्ढों वाले रास्ते से गुजरना लोगों के लिए जोखिम भरा रहता है. बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है.

नगर निगम में शामिल हुए आठ साल, नहीं बदली स्थिति

स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्ष 2017 से पहले यह क्षेत्र जोड़ पंचायत के अंतर्गत आता था. इसके बाद इसे नगर निगम क्षेत्र में शामिल किया गया. लोगों का कहना है कि नगर निगम में शामिल हुए करीब आठ साल हो गये, लेकिन अब तक सड़क, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं. स्थानीय लोगों में इसे लेकर नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी है.

स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क का निर्माण कराने, जलजमाव की समस्या दूर करने, पेयजल की व्यवस्था करने और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है. रवींद्र तिवारी, अनीता देवी, धीरेंद्र कुमार, विपिन सिंह, संजय यादव, बीरेंद्र कुमार, जितेंद्र सिंह, ललित गुप्ता, मिथिलेश, विजय गुप्ता, प्रेम सागर सिंह, राधिका देवी, पूनम और रामभजन साव समेत अन्य लोगों ने जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola