Watch Video: जल जांच का सच जानने लैब पहुंचे छात्र, वैज्ञानिक तरीके से समझी पानी की गुणवत्ता
पाकुड़ के छात्रों ने जल जांच प्रयोगशाला का भ्रमण कर पानी की गुणवत्ता, जांच प्रक्रिया और स्वच्छ जल के महत्व को जाना. जानें यह शैक्षणिक भ्रमण कैसे उपयोगी रहा.
नगर प्रतिनिधि, पाकुड़. जनभागीदारी अभियान के तहत जिला जल एवं स्वच्छता समिति, पाकुड़ की ओर से प्रखंड पाकुड़ की पंचायत नबी नगर स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय के कक्षा नौ के विद्यार्थियों का जिला स्तरीय जल जांच प्रयोगशाला में शैक्षणिक भ्रमण कराया गया. 2 से 15 अक्तूबर 2026 तक चलने वाले अभियान के तहत आयोजित भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को जल की गुणवत्ता, जल जांच की प्रक्रिया और स्वच्छ पेयजल के महत्व की जानकारी देना था.
जल जांच की पूरी प्रक्रिया समझी
प्रयोगशाला के केमिस्ट एवं कर्मियों ने विद्यार्थियों को जल का नमूना लेने से लेकर उसकी जांच की पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी. बताया गया कि पानी की गुणवत्ता की जांच विभिन्न मानकों के आधार पर की जाती है. इसमें पीएच मान, मैलापन, कुल कठोरता, क्षारीयता, क्लोराइड, अमोनिया, फॉस्फेट, अवशिष्ट क्लोरीन, लौह तत्व, नाइट्रेट और फ्लोराइड समेत अन्य मानकों का परीक्षण किया जाता है.
स्वच्छ जल के प्रति जागरूकता पर जोर
जिला समन्वयक आइईसी इमरान आलम ने कहा कि विद्यार्थियों को जल की गुणवत्ता और उसकी वैज्ञानिक जांच प्रक्रिया से अवगत कराना अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है. बच्चों को कम उम्र से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के महत्व की जानकारी देने से वे परिवार और समाज में जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में भूमिका निभा सकते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से जल का सदुपयोग करने और आसपास के लोगों को भी स्वच्छ जल के प्रति जागरूक करने की अपील की.
उपकरणों की जानकारी ली
प्रयोगशाला कर्मियों ने विद्यार्थियों को जल जांच के दौरान अपनाये जाने वाले सुरक्षा नियमों की जानकारी दी. विद्यार्थियों ने जल के नमूने की जांच प्रक्रिया को करीब से देखा और विभिन्न उपकरणों एवं जांच विधियों को लेकर सवाल पूछे. उन्हें बताया गया कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है तथा पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच से जलजनित बीमारियों की रोकथाम में मदद मिल सकती है.
प्रधानाध्यापक ने बताया उपयोगी
विद्यालय के प्रधानाध्यापक शमशेर आलम ने शैक्षणिक भ्रमण को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया. उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला में प्रत्यक्ष रूप से जल जांच की प्रक्रिया देखने से विद्यार्थियों को विषय को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिला. मौके पर केमिस्ट नंद किशोर साहा, प्रयोगशाला के कर्मी, जल सहिया ऐलिना मुर्मू, बिटिया टुडू, चूंडकी मुर्मू समेत विद्यालय के छात्र उपस्थित थे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
