लोहरदगा: कोयल नदी से अवैध बालू लेकर निकल रहा था ट्रैक्टर, जोगना मोड़ पर खनन विभाग ने दबोचा
फोटो :अवैध रूप से बालू परिवहन करते जप्त ट्रैक्टर | Prabhat Khabar Network
जोगना मोड़ पर अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को खनन विभाग और पुलिस ने जब्त किया. कागजात न मिलने पर कार्रवाई. जानें आगे क्या होगा.
भंडरा. अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिला खनन निरीक्षक बसंत उरांव और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को एक स्वराज ट्रैक्टर जब्त किया. ट्रैक्टर पर कोयल नदी से अवैध रूप से बालू उत्खनन कर परिवहन करने का आरोप है. टीम ने उगरा पंचायत के जोगना कोयल नदी से बालू लेकर आ रहे ट्रैक्टर को जोगना मोड़ के समीप पकड़ा. आवश्यक कागजात नहीं दिखाने पर बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर भंडरा थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है.
बालू से संबंधित कागजात नहीं दिखा सका चालक
भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कोयल नदी से बालू का अवैध उत्खनन कर उसका परिवहन किया जा रहा है. इसके आधार पर जिला खनन निरीक्षक और पुलिस टीम ने कार्रवाई की. जोगना मोड़ के समीप बालू लदे ट्रैक्टर को रोककर चालक से बालू परिवहन से संबंधित कागजात मांगे गये. चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद ट्रैक्टर को बालू समेत जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रख दिया गया.
ट्रैक्टर मालिक और चालक पर दर्ज होगी प्राथमिकी
थाना प्रभारी ने बताया कि जिला खनन निरीक्षक की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद ट्रैक्टर मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी.
अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की जब्ती के बाद क्षेत्र में बालू के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है. पुलिस और खनन विभाग की इस कार्रवाई को अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने की दिशा में कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है.


आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए