'इस बार झारखंड में बनेगी भाजपा की सरकार', लोहरदगा पहुंचे प्रदेश संगठन महामंत्री ने भरी हुंकार
फोटो ; प्रदेश संगठन महामंत्री का स्वागत करते भाजपाई | Prabhat Khabar Network
पवन साय ने लोहरदगा में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी. उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया.
लोहरदगा. छत्तीसगढ़ से झारखंड के लोहरदगा पहुंचने पर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय का पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया. प्रखंड अध्यक्ष नवल किशोर साहू के नेतृत्व में दुर्गा मंदिर के समीप प्रखंड कार्यालय परिसर में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया. इससे पहले प्रदेश मंत्री मनिर उरांव, सदस्य रिपुसूदन साहू, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय पंकज, उपाध्यक्ष कलावती देवी और महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष संगीता कुमारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रखंड मुख्यालय स्थित शिव मंदिर के समीप उनका स्वागत किया. इसके बाद उन्हें प्रखंड कार्यालय लाया गया.
दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर महापुरुषों को किया नमन
प्रखंड कार्यालय पहुंचने के बाद प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना की. इसके बाद कार्यालय परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पार्चन किया. उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त किया और संगठन की गतिविधियों पर चर्चा की.
कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत : पवन साय
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पवन साय ने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सभी के प्रयास से इस बार झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी. उन्होंने दावा किया कि झारखंड की जनता हेमंत सोरेन सरकार के शासन से त्रस्त होकर भाजपा की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है. भाजपा की सरकार बनने पर ही झारखंड का विकास संभव है.
उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए गांव-गांव तक पार्टी का विस्तार करने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने की अपील की. साथ ही वर्ष 2029 के चुनाव की तैयारी अभी से शुरू करने और सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने का निर्देश दिया.
कई मंडलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
मौके पर प्रदेश युवा मोर्चा उपाध्यक्ष अजातशत्रु, कुड़ू महिला मंडल अध्यक्ष बुधइन देवी, भंडरा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष बिपता उरांव, किस्को मंडल अध्यक्ष राजकुमार मुंडा के अलावा त्रिलोकी सिंह, जय प्रकाश साहू, हर्षनाथ महतो, धर्मदेव उरांव, विजय महतो, प्रदीप सिंह, कमलनाथ महतो, संतोष महतो, शोभा देवी, अशोक महतो और बिनोद साहू समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए