44 साल से टिको नदी घाट पर हो रही छठ की व्यवस्था, नहाय-खाय के साथ कुड़ू में महापर्व शुरू

Updated:
विज्ञापन

फोटो (3) नहाय खाय के मौके पर कद्दू भात का सेवन करते छठव्रती | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

कुड़ू में नहाय-खाय से छठ महापर्व शुरू हो गया है. टिको नदी घाट पर 44 वर्षों से बजरंग दल और हनुमान संघ द्वारा विशेष व्यवस्था की जा रही है. पूरा क्षेत्र भक्तिमय.

विज्ञापन

कुड़ू (लोहरदगा). 'केरवा के पात पर उगलन सुरूज देव, आके उगे ए घरेलू छठ व्रतिया...' जैसे पारंपरिक छठ गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है. लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया. पहले दिन छठ व्रतियों ने स्नान और पूजा-अर्चना के बाद कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण किया. इसके साथ ही चार दिवसीय छठ अनुष्ठान की शुरुआत हो गयी. पर्व को लेकर कुड़ू शहरी क्षेत्र सहित प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है.

विज्ञापन

शनिवार को छठ व्रती खरना करेंगे. इसके बाद उनका करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा. रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि सोमवार को उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा.

छठ घाटों की सफाई और सजावट अंतिम चरण में

छठ महापर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों की सफाई का काम अंतिम चरण में है. आयोजन समितियों की ओर से घाटों की साफ-सफाई के साथ पंडाल निर्माण और सजावट की जा रही है. शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण इलाकों के छठ घाटों पर भी तैयारियां चल रही हैं. घाटों को व्यवस्थित करने और व्रतियों की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किये जा रहे हैं.

कुड़ू शहरी क्षेत्र के श्रद्धालु मुख्य रूप से टिको नदी छठ घाट पर पूजा-अर्चना करते हैं. यहां छठ महापर्व को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं.

44 वर्षों से टिको नदी घाट पर हो रही व्यवस्था

टिको नदी छठ घाट पर पिछले 44 वर्षों से बजरंग दल और सहयोगी संस्था हनुमान संघ, रामनगर कुड़ू की ओर से छठ व्रतियों के लिए व्यवस्था की जाती है. समिति के सदस्य घाट की सफाई से लेकर विद्युत सज्जा और साउंड सिस्टम की व्यवस्था करते हैं. इसके साथ ही व्रतियों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम भी किये जाते हैं. वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के तहत इस बार भी छठ घाट पर तैयारियां की जा रही हैं.

बाजारों में फलों और पूजन सामग्री की दुकानें सजीं

छठ महापर्व को लेकर कुड़ू बाजार में भी रौनक बढ़ गयी है. फलों और पूजन सामग्री की दुकानें सज गयी हैं. श्रद्धालु छठ पूजा के लिए जरूरी सामानों की खरीदारी कर रहे हैं. वहीं, चारों तरफ छठ गीत बजने से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है. घरों में भी छठ पूजा की तैयारियां चल रही हैं. पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola