लातेहार में बारिश से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क बदहाल, जगह-जगह बने गड्ढे
सड़क पर जमा पानी | Prabhat Khabar Network
लातेहार से लोहरदगा को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क बारिश के कारण जर्जर हो गई है। बड़े गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लातेहार. शहर के नवरंग चौक से डेमू होते हुए लोहरदगा जिले को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क लगातार बारिश के कारण बदहाल हो गयी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं, जिनमें बारिश का पानी जमा है. इससे वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी काफी परेशानी हो रही है.
आपके शहर में
पांच साल में ही खराब हो गयी सड़क
ग्रामीणों के अनुसार, करीब पांच वर्ष पहले इस सड़क का निर्माण कराया गया था. लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण बनने के कुछ समय बाद से ही सड़क खराब होने लगी थी. लगातार बारिश के बाद सड़क की स्थिति और भी खराब हो गयी है.
दुर्घटना का बना रहता है खतरा
कांग्रेस जिला प्रवक्ता पंकज तिवारी ने कहा कि सड़क पर आये दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. गड्ढों में पानी भरा रहने के कारण वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं हो पाता है. इससे हादसे का खतरा बना रहता है. उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण बच्चों को भी घर से बाहर भेजने में परिजन डरते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जानकारी दी गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई.
ये भी पढ़ें: बालूमाथ में कोलियरी कांटा पर देर रात अपराधियों ने की फायरिंग, कंप्यूटर ऑपरेटर को लगी गोली
तत्काल मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई, तो बारिश के दौरान इसकी स्थिति और खराब हो सकती है और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए