कदाचार मुक्त परीक्षा के लिए जिला प्रशासन सख्त, केंद्र पर सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 28 Feb 2026 10:09 PM
कदाचार मुक्त परीक्षा के लिए जिला प्रशासन सख्त, केंद्र पर सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
लातेहार ़ आगामी मई माह में आयोजित होने वाली नीट-यूजी 2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. इसी कड़ी में शनिवार को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता और पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने केंद्रीय विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान डीसी ने केंद्र पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की गहन समीक्षा की. उन्होंने बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन में निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित हो. उन्होंने कहा कि परीक्षा की पवित्रता और पारदर्शिता बनाये रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार पाये जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. सुरक्षा को लेकर एसपी ने दिये निर्देश : पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्र के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जायेगी. उन्होंने पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि परीक्षार्थियों को भयमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण मिल सके. निरीक्षण के दौरान एसडीओ अजय कुमार रजक, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, विद्यालय के प्राचार्य शैलेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










