Vande Bharat Sleeper Train: झारखंड के इन स्टेशनों पर होगा ठहराव, राजधानी एक्सप्रेस से बचेगा समय

Updated:
विज्ञापन

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की AI GENERATED PHOTO

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

हावड़ा-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने की तैयारी तेज है. प्रस्तावित ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी और कोडरमा, पारसनाथ, धनबाद, गया समेत कई स्टेशनों पर इसका ठहराव प्रस्तावित है. सफर 15 घंटे से कम में पूरा होने की उम्मीद है.

विज्ञापन

झुमरीतिलैया(कोडरमा). हावड़ा-नयी दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने की तैयारी तेज हो गयी है. रेलवे टाइम टेबल कॉन्फ्रेंस में इस ट्रेन को मंजूरी मिलने की जानकारी सामने आयी है. ट्रेन को रविवार छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलाने की योजना है. इसके परिचालन से हावड़ा से नयी दिल्ली के बीच यात्रा का समय 15 घंटे से कम होने की संभावना है. हालांकि, परिचालन की तारीख और अंतिम समय-सारिणी को लेकर रेलवे बोर्ड के स्तर पर मंथन जारी है.

विज्ञापन

कोडरमा, पारसनाथ और धनबाद समेत इन स्टेशनों पर प्रस्तावित ठहराव

मुंबई में इस सप्ताह आयोजित रेलवे टाइम टेबल कॉन्फ्रेंस में देशभर के चीफ कंट्रोलर शामिल हुए. इसमें पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के चीफ कंट्रोलर भी शामिल थे. प्रस्तावित ट्रेन का ठहराव झारखंड के कोडरमा, पारसनाथ और धनबाद के अलावा बिहार के गया में होगा. वहीं, उत्तर प्रदेश के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल तथा पश्चिम बंगाल के आसनसोल में भी ठहराव प्रस्तावित है.

राजधानी एक्सप्रेस से कम समय में पूरी होगी यात्रा

वर्तमान में हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से सफर में करीब 17 घंटे 15 मिनट लगते हैं. वहीं, कोडरमा से नयी दिल्ली पहुंचने में लगभग 13 घंटे लगते हैं. प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से यात्रा में डेढ़ से तीन घंटे तक की बचत होने की संभावना है. ट्रेन हावड़ा और नयी दिल्ली के बीच करीब 1,449 किलोमीटर की दूरी 15 घंटे से कम समय में तय करने के लक्ष्य के साथ तैयार की जा रही है.

इस ट्रेन के चलने से धनबाद होकर गुजरने वाली हावड़ा और सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस तथा सियालदह-बीकानेर दुरंतो जैसी ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है. साथ ही धनबाद से दिल्ली के लिए तेज रफ्तार ट्रेन का एक और विकल्प उपलब्ध होगा.

16 कोच की होगी पूरी तरह वातानुकूलित ट्रेन

प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में 16 कोच होंगे. यह पूरी तरह वातानुकूलित ट्रेन होगी, जिसमें थर्ड एसी, सेकेंड एसी और फर्स्ट एसी श्रेणियां होंगी. लंबी दूरी की यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए इसमें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है.

झटके कम करने के लिए आधुनिक सस्पेंशन सिस्टम

ट्रेन में एडवांस्ड शॉक-फ्री सस्पेंशन सिस्टम दिया जायेगा, जिससे यात्रा के दौरान झटके कम महसूस होंगे. कोच के बीच आवाजाही के लिए ऑटोमैटिक सेंसर वाले स्लाइडिंग दरवाजे होंगे. प्रत्येक बर्थ पर रीडिंग लाइट, यूएसबी चार्जिंग पोर्ट और आरामदायक कुशन की सुविधा होगी. फर्स्ट एसी कोच में गर्म पानी से नहाने की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है.

सुरक्षा के लिए ट्रेन में कवच टक्कर रोधी प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे, आग बुझाने के उपकरण और क्रैश बफर जैसे फीचर होंगे. आधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन लंबी दूरी के यात्रियों के लिए राजधानी एक्सप्रेस के विकल्प के रूप में विकसित की जा रही है.

राजधानी एक्सप्रेस से अलग होगा ट्रेन का संचालन

राजधानी एक्सप्रेस की तुलना में वंदे भारत ट्रेनसेट तकनीक पर आधारित होगी. इसमें पारंपरिक भारी इंजन के बजाय ट्रेन के विभिन्न हिस्सों में मोटरयुक्त व्यवस्था होती है, जिससे ट्रेन तेजी से रफ्तार पकड़ सकती है. इसमें वैक्यूम टॉयलेट, ऑटोमैटिक दरवाजे और आरामदायक बर्थ जैसी सुविधाएं भी होंगी. हालांकि, प्रीमियम सुविधाओं के कारण इसका किराया अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है.

ये भी पढ़ें: JPSC-JSSC Exam Reform: छात्रों के प्रदर्शन पर NHRC सख्त, छात्र नेता की शिकायत पर धनबाद SSP को नोटिस

कोडरमा के रास्ते चल रही हैं पांच चेयरकार वंदे भारत ट्रेनें

झारखंड के प्रवेश द्वार कोडरमा के रास्ते वर्तमान में पांच चेयरकार वंदे भारत ट्रेनों का परिचालन हो रहा है. इनमें कोडरमा-हजारीबाग टाउन-बड़काकाना मार्ग से संबंधित सेवाओं के अलावा पटना, जमशेदपुर, हावड़ा और रांची-वाराणसी से जुड़ी वंदे भारत सेवाएं शामिल हैं. कोडरमा होकर राजधानी एक्सप्रेस और दुरंतो एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनें भी चलती हैं.

रेलवे की ओर से धनबाद और डीडीयू रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले इस मार्ग पर ट्रेनों की गति 160 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ाने की तैयारी भी की जा रही है. इसके अलावा दानकुनी से लुधियाना तक माल परिवहन को बेहतर बनाने के लिए अलग रेल पटरियां बिछाने की योजना पर काम जारी है. इन परियोजनाओं से भविष्य में यात्री और माल परिवहन की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: Koderma Durga Puja: अड्डी बंगला और करमा पूजा समिति के दुर्गा पूजा पंडाल का पट खुला, विधायक डॉ नीरा यादव ने किया उद्घाटन

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola