Video: डोमचांच के शिवसागर तालाब में 15 नवंबर से सजेगा छठ मेला, सात घोड़ों पर सवार सूर्यदेव होंगे आकर्षण

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

डोमचांच में 15 नवंबर से शिवसागर तालाब पर सात दिवसीय छठ मेले की शुरुआत हो रही है. सात घोड़ों पर सवार सूर्यदेव की भव्य प्रतिमा और 50 फीट ऊंचा पंडाल मुख्य आकर्षण होंगे.

विज्ञापन

रंजीत और सुनील की रिपोर्ट

विज्ञापन

डोमचांच (कोडरमा): ब्रिटिश शासनकाल में माइका उत्खनन के उद्देश्य से खुदवाया गया डोमचांच का ऐतिहासिक शिवसागर तालाब आज आस्था और सूर्य उपासना का प्रमुख केंद्र बन चुका है. करीब 52 एकड़ 35 डिसमिल में फैले इस विशाल तालाब में छठ महापर्व को लेकर उत्सवी माहौल बनने लगा है. पिछले 42 वर्षों से यहां छठ के अवसर पर भगवान भास्कर की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की परंपरा चली आ रही है. इस वर्ष भी सात घोड़ों पर सवार भगवान सूर्य की आकर्षक प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण होगी.

छठ महापर्व को लेकर शिवसागर तालाब परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. यहां 15 से 22 नवंबर तक सात दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया जायेगा. मेले के लिए बंगाल के कारीगर 50 फीट चौड़ा और 60 फीट ऊंचा आकर्षक पंडाल तैयार कर रहे हैं. वहीं, करीब दो किलोमीटर के दायरे में रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा की व्यवस्था की जा रही है. इससे पूरा तालाब परिसर रोशनी से जगमगायेगा.

ये भी पढ़ें: Watch Video: कोडरमा में सिग्नल पोल से टकरायी बेकाबू मारुति वैन, चालक घायल

सात घोड़ों पर सवार भगवान भास्कर होंगे मुख्य आकर्षण

इस वर्ष मेले में सात घोड़ों पर सवार भगवान भास्कर की भव्य प्रतिमा स्थापित की जायेगी. धनबाद के मूर्तिकार प्रतिमा को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. इसके अलावा सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करती महिला और पुरुष की प्रतिमाएं भी स्थापित की जायेंगी. आयोजन समिति के अनुसार, पूरे आयोजन पर करीब 15 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है. इसमें प्रतिमा निर्माण पर लगभग 85 हजार रुपये, पंडाल निर्माण पर तीन लाख रुपये और विद्युत सज्जा व सौंदर्यीकरण पर 10 लाख रुपये से अधिक खर्च किये जा रहे हैं.

झूले और मीना बाजार से बढ़ेगी मेले की रौनक

समिति के उपाध्यक्ष सरोज मेहता के अनुसार, मेले में बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए टावर झूला, मिक्की माउस, ड्रैगन और ब्रेक डांस सहित कई आकर्षक झूले लगाये जायेंगे. इसके साथ ही मीना बाजार भी सजाया जायेगा. आयोजन समिति श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है.

20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

छठ महापर्व के मुख्य दिन शिवसागर, नावाडीह, भेलवाटांड़, मधुबन, ढाब रोड, लेंगरापीपर, मंझलीटांड़, रूपनडीह, माथाडीह और दुरोडीह सहित आसपास के दर्जनों गांवों से श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे. इसके अलावा गिरिडीह और हजारीबाग जिले से भी बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है. आयोजन समिति को उम्मीद है कि इस वर्ष 20 हजार से अधिक श्रद्धालु शिवसागर तालाब पहुंचेंगे.

ये भी पढ़ें: हाईवे पर हादसे से बचना है तो मानें NHAI की सलाह, इमरजेंसी में 1033 पर करें फोन

पांच महीने के श्रमदान से युवाओं ने बदली तालाब की तस्वीर

ऐतिहासिक शिवसागर तालाब को स्वच्छ और सुंदर बनाने में ग्रीन क्लीन इंडिया वन टीम के युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है. युवाओं ने लगातार पांच महीने तक श्रमदान कर तालाब परिसर की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण किया. उनके सामूहिक प्रयास से इस ऐतिहासिक धरोहर को नया स्वरूप मिला है. इस बार स्वच्छ और सुंदर परिसर में छठ महापर्व का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनने जा रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola