Watch Video: क्रेशर प्लांट विवाद में बवाल, 10 गांवों के ग्रामीणों ने घर में की तोड़फोड़
गुमला के डोमनडीह गांव में क्रेशर प्लांट संचालन पर विवाद हिंसक हो गया. ग्रामीणों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की, पुलिस ने स्थिति संभाली.
गुमला. सदर थाना क्षेत्र के डोमनडीह गांव में क्रेशर प्लांट के संचालन को लेकर विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया. क्रेशर प्लांट से जुड़े विवाद और ग्रामीणों के साथ कथित मारपीट से आक्रोशित दस गांवों के सैकड़ों आदिवासी ग्रामीण हरवे-हथियार से लैस होकर सकलदीप सिंह के घर पहुंच गये. ग्रामीणों ने घर में घुसकर जमकर हंगामा किया और गैराज में खड़े थार वाहन समेत कई बाइकों में तोड़फोड़ की. स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गयी कि बड़ी अनहोनी की आशंका उत्पन्न हो गयी. हालांकि, पुलिस की तत्परता से स्थिति संभल गयी और सकलदीप सिंह व उनके परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
दो घंटे तक पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, थाना प्रभारी दिनेश कुमार और एसपी की क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. करीब दो घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और वापस लौट गये. इसके बाद ग्रामीणों ने आपस में बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा की.
सड़क की बदहाली और मारपीट से बढ़ा विवाद
ग्रामीणों का आरोप है कि क्रेशर प्लांट का संचालन पहले बंद कराया गया था, लेकिन बड़े वाहनों के परिचालन से गांव की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. भारी वाहनों के कारण आये दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं. इसी मुद्दे को लेकर सकलदीप सिंह और ग्रामीणों के बीच विवाद शुरू हुआ था. ग्रामीणों का आरोप है कि सकलदीप सिंह ने उन्हें डराने-धमकाने के साथ सुकरा उरांव और बंगरू करमा (लिटियाटोली) के साथ मारपीट की.
हथियार दिखाने और गोली मारने की धमकी का आरोप
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सकलदीप सिंह ने उन्हें डराने के लिए हथियार निकाला था. ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि थार वाहन से लोगों को कुचलने का प्रयास किया जाता है तथा महिलाओं के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गोली मारने की धमकी दी जाती है. इसी आक्रोश में ग्रामीण सकलदीप सिंह और उनके परिवार के सदस्यों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े हुए थे. फिलहाल पुलिस की सक्रियता से बड़ी घटना टल गयी, लेकिन गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
