2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन क्यों? कांग्रेस नेता मनोज सहाय ने केंद्र से पूछा सवाल
कांग्रेस नेता मनोज सहाय ने 2011 जनगणना के आधार पर परिसीमन विधेयक का विरोध किया है. उन्होंने तर्क दिया कि 2027 की जनगणना पूरी होने से पहले यह जल्दबाजी है.
कोडरमा: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव मनोज सहाय पिंकू ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध किया है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब वर्ष 2027 की जनगणना अभी पूरी नहीं हुई है, तो वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन कराने की जल्दबाजी क्यों की जा रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण की पूरी तरह पक्षधर है, लेकिन इसके लिए परिसीमन की प्रक्रिया अपनाने पर सवाल उठ रहे हैं.
मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर भी लागू हो सकता था आरक्षण
मनोज सहाय ने कहा कि यदि केंद्र सरकार महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी देना चाहती है, तो मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर भी महिला आरक्षण लागू किया जा सकता था. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिला आरक्षण की आड़ में अपनी चुनावी महत्वाकांक्षाएं पूरी करना चाहती है.
पहले जनगणना, फिर परिसीमन की प्रक्रिया हो
मनोज सहाय ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के वक्तव्य का समर्थन करते हुए कहा कि पहले जनगणना होनी चाहिए और उसके बाद परिसीमन की प्रक्रिया अपनायी जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि नई जनगणना के बिना परिसीमन कराना लोकतांत्रिक मूल्यों, संघीय व्यवस्था और राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के साथ अन्याय होगा.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस प्रयास का विरोध जारी रखेगी और संविधान व जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए