नारायणपुर में तेज रफ्तार का कहर:टेलर ने व्यक्ति को कुचला, मुआवजे की मांग पर हाईवे जाम

Updated:
विज्ञापन

घटना स्थल पर जुटी भीड़, वाहनों की लगी लंबी कतार | Prabhat Khabar Network

नारायणपुर में तेज रफ्तार टेलर ने सड़क पार कर रहे एक चरवाहे को कुचला. परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हुआ.

विज्ञापन

निकेश कुमार, नारायणपुर. गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के खरकोकुंडी गांव के समीप तेज रफ्तार टेलर ने सड़क पार कर रहे एक चरवाहे को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में खरकोकुंडी निवासी हेमंत रजक (56) की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर हाईवे जाम कर दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

मवेशी चराने जा रहे थे, सड़क पार करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हेमंत रजक अपने मवेशियों को चराने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान वह हाईवे पार कर रहे थे. तभी तेज गति से आ रहे टेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही हेमंत सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी.

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये. कुछ ही देर में मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गये.

टायर जलाकर हाईवे जाम, दोनों ओर लगी वाहनों की कतार

मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर आवागमन रोक दिया. लोगों ने एक बस को भी सड़क पर खड़ा कर दिया, जिससे गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.

जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई वाहन जाम में फंसे रहे.

अधिकारी पहुंचे, समझाकर जाम हटाने का प्रयास

सड़क जाम की सूचना मिलने पर नारायणपुर बीडीओ कमलेश कुमार दास, सीओ देवराज गुप्ता और थाना प्रभारी मुराद हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया.

प्रशासन की ओर से नियमानुसार कार्रवाई करने और मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पूरी करने का भरोसा दिया गया. इसके बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों से सड़क से हटने की अपील की.

टेलर चालक पकड़ा गया, वाहन पुलिस के कब्जे में

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद टेलर चालक को पकड़ लिया गया. दुर्घटनाग्रस्त टेलर को भी मौके पर रखा गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस ग्रामीणों को समझाने तथा यातायात व्यवस्था सामान्य कराने के प्रयास में लगे रहे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola