बागजाता माइंस में विस्थापित महिला ने नौकरी के लिए किया गेट जाम, तीन घंटे ठप रहा कामकाज
गेट जाम करतीं विस्थापित रसला टुडू.
यूसीआइएल की बागजाता माइंस में विस्थापित महिला ने नौकरी की मांग को लेकर तीन घंटे तक गेट जाम किया, जिससे कामकाज पूरी तरह ठप रहा। प्रबंधन ने जांच का आश्वासन दिया।
मुसाबनी : यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआइएल) की बागजाता माइंस के मुख्य द्वार पर शुक्रवार सुबह नौकरी की मांग को लेकर विस्थापित रसला टुडू ने गेट जाम कर दिया. सुबह की पहली पाली में हुए इस अचानक प्रदर्शन के कारण ड्यूटी पर पहुंचे अधिकारी और कर्मचारी माइंस परिसर में प्रवेश नहीं कर सके. इससे खदान में कामकाज पूरी तरह बाधित हो गया.
आपके शहर में
अधिकारियों के समझाने के बाद तीन घंटे बाद शुरू हुआ काम
गेट जाम की सूचना पर अपर प्रबंधक एमके साहू एवं प्रशासनिक अधिकारी जीवीएन कृष्णा मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रही महिला से वार्ता की और उचित प्रक्रिया समझाने के बाद गेट जाम समाप्त कराया. इसके बाद सुबह 10:30 बजे अधिकारी व मजदूर ड्यूटी पर गए. इससे तीन घंटे के विलंब से सुबह की पाली का कार्य शुरू हो सका.
आवेदन देने पर जांच के बाद होगी कार्रवाई : प्रबंधन
गेट जाम कर रही विस्थापित महिला ने अधिग्रहित भूमि के एवज में एक नौकरी देने की मांग की. इसपर प्रबंधन के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना पूर्व सूचना या आवेदन के अचानक माइंस का कार्य बाधित करना अनुचित है. उन्होंने महिला से आवेदन देने को कहा. कहा कि जांच के बाद यथोचित कार्रवाई की जाएगी. वहीं, प्रबंधन सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2006 में माइंस स्थापना के समय उक्त परिवार की 2.05 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई थी, जिसके एवज में परिवार को पूर्व में ही पांच नौकरियां दी जा चुकी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए