पहली बार झारखंड आ रहीं ये मशहूर हरिनाम प्रचारक, जमशेदपुर में इस दिन होगा आध्यात्मिक कार्यक्रम...
रेणुका पुंडरीक गोस्वामी (फाइल फोटो).
जमशेदपुर में 20 सितंबर को पहली बार निमाई पाठशाला के साथ रेणुका पुंडरीक गोस्वामी का आध्यात्मिक कार्यक्रम होगा. राजेंद्र विद्यालय ऑडिटोरियम में हरिनाम संकीर्तन और वैदिक ज्ञान पर चर्चा होगी. युवाओं को प्रेरित करने के लिए यह एक विशेष अवसर है.
जमशेदपुर : आध्यात्मिक और वैदिक ज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए जमशेदपुर में 20 सितंबर को खास आयोजन होने जा रहा है. प्रेरक वक्ता और हरिनाम प्रचारक रेणुका पुंडरीक गोस्वामी पहली बार निमाई पाठशाला के साथ झारखंड पहुंचेंगी. साकची स्थित राजेंद्र विद्यालय ऑडिटोरियम में रविवार को दोपहर दो बजे से आयोजित कार्यक्रम में हरिनाम संकीर्तन, वैदिक ज्ञान और जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाले विचारों पर चर्चा होगी.
आपके शहर में
आधुनिक जीवन की चुनौतियों पर साझा करेंगी विचार
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और परिवारों को सनातन संस्कृति, वैदिक ज्ञान और आध्यात्मिक विचारों से जोड़ना है. इस दौरान रेणुका पुंडरीक गोस्वामी आधुनिक जीवन की चुनौतियों और आध्यात्मिक दृष्टिकोण के बीच संबंध पर भी अपने विचार साझा करेंगी.
पहली बार झारखंड में होगा आयोजन
निमाई पाठशाला के साथ रेणुका पुंडरीक गोस्वामी का यह झारखंड में पहला कार्यक्रम बताया गया है. आयोजकों ने इसे जमशेदपुर के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक क्षेत्र के लिए विशेष अवसर बताया है. कार्यक्रम में हरिनाम संकीर्तन के साथ वैदिक परंपरा, जीवन मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना से जुड़े विषयों को सरल तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा.
क्या है निमाई पाठशाला?
निमाई पाठशाला का उद्देश्य वैदिक और मानवीय शिक्षा को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से लोगों तक पहुंचाना है. संस्था की गतिविधियों में वैदिक श्लोकों के अर्थ और उनके व्यवहारिक प्रयोग के साथ हरिनाम संकीर्तन, प्रभात फेरी, संस्कृत शिक्षा तथा सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियां शामिल हैं. निमाई पाठशाला की शिक्षण पद्धति सूत्र, स्तोत्र और शास्त्र पर आधारित बतायी गयी है. इसके माध्यम से जीवन की चुनौतियों के बीच संतुलन, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना के साथ जीवन के गहन सवालों को समझने का प्रयास किया जाता है.
युवाओं व विद्यार्थियों के लिए भी खास होगा कार्यक्रम
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में आध्यात्मिक विषयों को आधुनिक जीवन से जोड़कर प्रस्तुत किया जाएगा. युवाओं और विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, जीवन के उद्देश्य और आंतरिक शक्ति जैसे विषयों पर प्रेरित किया जाएगा. आयोजकों ने झारखंड के लोगों, युवाओं, विद्यार्थियों, परिवारों और आध्यात्मिक विषयों में रुचि रखने वाले लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है.
कब और कहां होगा कार्यक्रम?
तारीख : रविवार, 20 सितंबर 2026, समय : दोपहर 2 बजे से, स्थान : राजेंद्र विद्यालय ऑडिटोरियम, साकची, जमशेदपुर, विशेष वक्ता : रेणुका पुंडरीक गोस्वामी, आयोजक : निमाई पाठशाला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए