पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा : शहर में हाई-टेक सुरक्षा घेरा, बिना जांच एंट्री नहीं

Updated:
विज्ञापन
पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा : शहर में हाई-टेक सुरक्षा घेरा, बिना जांच एंट्री नहीं

जमशेदपुर में पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम। बायोमेट्रिक हाजिरी और सीसीटीवी से होगी निगरानी, बिना जांच प्रवेश नहीं मिलेगा।

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर शहर में रविवार 12 जुलाई को होने वाली पॉलिटेक्निक प्रतियोगिता परीक्षा-2026 को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सुरक्षा का एक अभेद्य और हाई-टेक खाका तैयार किया है. उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी संयुक्त आदेश के अनुसार परीक्षा को कदाचार मुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए पहली बार त्रिस्तरीय निगरानी प्रणाली लागू की है. परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन की तैयारियां तड़के सुबह से ही शुरू हो जायेगी. प्रश्न-पत्रों और उत्तर-पुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए जमशेदपुर कोषागार स्थित वज्रगृह से वितरण और संग्रहण की कमान स्वयं कोषागार पदाधिकारी संभालेंगे. सभी दंडाधिकारी सुबह 6:30 बजे वज्रगृह में रिपोर्ट करेंगे और परीक्षा शुरू होने से ठीक दो घंटे पहले (सुबह 8 बजे) तक सशस्त्र बलों के साथ प्रश्न-पत्रों के सील्ड पैकेट संबंधित केंद्रों के केंद्राधीक्षकों को सुपुर्द करेंगे. जिला शिक्षा अधीक्षक जूही रानी की देखरेख में सुबह 6:30 बजे से ही जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा. जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य सामद को परीक्षा का नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. डीसी ने चेतावनी दी है कि कर्तव्यों के प्रति किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पाये जाने पर संबंधित अधिकारी या पुलिसकर्मी के खिलाफ अनुशासनात्मक और विभागीय कार्रवाई की जायेगी.

परीक्षा कक्ष में प्रवेश के नियम सख्त, गैजेट्स पर पूर्ण रोक

जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्र के भीतर सुरक्षा को लेकर गाइडलाइंस जारी किया है. परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि बिना फ्रिस्किंग (जांच) के किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश न दें. मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, इयरफोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल डायरी और कैलकुलेटर जैसे सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स परीक्षा हॉल में पूरी तरह से वर्जित रहेंगे.

तकनीकी निगरानी

बायोमेट्रिक डेटा संग्रहण और सीसीटीवी लाइव फुटेजपरीक्षा में किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े को रोकने के लिए झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने सभी 12 केंद्रों पर बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था की है. प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को स्वयं इस डेटा संग्रहण का निरीक्षण करने का आदेश दिया गया है. ताकि कोई भी अभ्यर्थी वंचित न रहे. इसके अलावा पूरी परीक्षा सीसीटीवी की लाइव निगरानी में होगी. जिसकी रिकॉर्डिंग परीक्षा के तुरंत बाद पेन ड्राइव के माध्यम से जिला कोषागार के वज्रगृह में सुरक्षित जमा करायी जायेगी.


विज्ञापन
अशोक झा

लेखक के बारे में

By अशोक झा

अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola