निखार हत्याकांड : जानें किसने रची थी साजिश, होटल से मिला ऐसा सुराग जिससे शूटरों के करीब पहुंची पुलिस
निखार सबलोक (फाइल फोटो).
जमशेदपुर में होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. पुलिस ने साजिशकर्ता अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह की पहचान की है और शूटरों की भी पहचान कर ली है. घटना से जुड़े अहम सुराग होटल से मिले हैं.
जमशेदपुर : कदमा विजया हेरिटेज फेज 6 निवासी व होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. पुलिस ने शूटरों की भी पहचान कर ली है. इस मामले में पुलिस की टीम ने बिहार और उत्तर प्रदेश में छापेमारी की है. पुलिस की जांच में अबतक यह बात सामने आयी है कि निखार सबलोक की हत्या में मुख्य भूमिका अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह की है. उसी ने शूटरों को बुलाया था. इसके अलावा शूटरों को भागने में भी उसने मदद की थी.
आपके शहर में
एक सप्ताह से हो रही थी निखार की रेकी
इसके लिए निखार सबलोक की पिछले एक सप्ताह से रेकी करायी जा रही थी. रेकी करने के लिये अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह ने मानगो डिमना रोड के विश्वनाथ से लाल रंग की कार खरीदी थी. पुलिस इस मामले में अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू की तलाश में जुटी है. शनिवार को पुलिस ने कपाली स्थित सिंटू सिंह के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला. पुलिस ने उसके घर की भी तलाशी ली है.
होटल से मिला शूटरों का फिंगरप्रिंट
इधर, पुलिस ने होटल टेंथ माइल स्टोन से शूटरों का फिंगर प्रिंट लिया है. ताकि सीसीटीएनएस के माध्यम से शूटरों का पता लगाया जा सके. मालूम हो कि सीसीटीएनएस में अपराधियों के पकड़े जाने पर उनका फिंगर प्रिंट के अलावा तस्वीर रखी जाती है. ताकि अपराधी का पूरा खाका खंगाला जा सके. इसी क्रम में पुलिस की टीम ने बिहार के छपरा और उत्तर प्रदेश में छापामारी की है.
राघव की तबीयत बिगड़ी, टीएमएच में भर्ती
इधर, शनिवार को पुलिस की पूछताछ के दौरान चांडिल थाना में अचानक सोनारी खूंटाडीह निवासी अशोक सिंह राघव की तबीयत बिगड़ गयी. इसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में अशोक सिंह राघव की पत्नी को सूचित किया. उन्हें लेकर टीएमएच पहुंची. टीएमएच में पत्नी ने अशोक सिंह राघव को भर्ती कराया. पुलिस सूत्रों के अनुसार अशोक सिंह राघव से पूछताछ और उसके मोबाइल से मिली जानकारी में निखार हत्याकांड की कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है. जिसके आधार पर पुलिस सारी कड़ियों को जोड़ रही है.
जिस दिन घटी घटना उस दिन कोलकाता में था राघव
जिस दिन घटना घटी अशोक सिंह राघव कोलकाता में थे. दूसरे दिन वापस लौटने के क्रम में पुलिस ने अशोक सिंह राघव समेत उनके साथी समीर रजक, लख्खी और साधु को भी पकड़ा और थाना ले जाकर पूछताछ की. पुलिस पिछले पांच दिनों से सभी से लगातार पूछताछ कर रही है. हालांकि अबतक की जांच में समीर रजक, साधु और लख्खी की संलिप्तता इस केस में नहीं मिली है. इसके कारण पुलिस अब इन तीनों को छोड़ने की तैयारी में जुटी है. फिलहाल पुलिस तीनों को सोनारी थाना में रखकर पूछताछ कर रही है.
शूटरों की गिरफ्तारी के बाद होगा केस का उद्भेदन
इधर, पुलिस अधिकारियों की मानें, तो निखार सबलोक की हत्या की गुत्थी सुलझ गयी है. सिंटू सिंह समेत शूटर की गिरफ्तारी के बाद ही केस का उद्भेदन हो सकेगा. एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब नवे बताया - निखार सबलोक हत्याकांड में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेवारी लेने का कमेंट करने की जानकारी मिली है. इसकी जांच करायी जा रही है. फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए