JTET 2026 : जमशेदपुर के 93 केंद्रों पर जेटेट परीक्षा शुरू, केंद्रों के 100 मीटर में धारा 163 लागू...शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री
सांकेतिक तस्वीर
जमशेदपुर में 93 परीक्षा केंद्रों पर झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई है. कदाचार रोकने के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं.
जमशेदपुर: लौहनगरी के 93 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई. कदाचार मुक्त और पारदर्शी माहौल में परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद दिखा. सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की लंबी कतारें लग गईं. मेटल डिटेक्टर से गहन जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई.
30 मिनट पहले बंद हुए गेट, 100 मीटर दायरे में धारा 163 लागू
प्रशासन ने परीक्षा को लेकर कड़े नियम लागू किए हैं. निर्धारित समय के अनुसार परीक्षा शुरू होने से ठीक 30 मिनट पहले सभी केंद्रों का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया, जिसके बाद देर से पहुंचे परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया. कदाचार रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 (निषेधाज्ञा) लागू कर दी गई है. इस परिधि में अनावश्यक जमावड़े पर रोक है. केंद्र परिसर के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहा.
त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा और लाइव निगरानी
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर की पुख्ता व्यवस्था की गई है. संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है. जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष से सभी केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है.
यातायात व्यवस्था दुरुस्त, शहर में नो एंट्री
परीक्षार्थियों के निर्बाध आवागमन के लिए यातायात पुलिस ने शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री लागू कर दी है. साकची, बिष्टुपुर, मानगो और टेल्को जैसे व्यस्त मार्गों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है, ताकि अभ्यर्थी बिना जाम में फंसे समय पर केंद्र पहुंच सकें.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए