राज्य बैडमिंटन में युवा शटलरों का जलवा, इशानवी-तन्मय-प्रेरणा चैंपियन, निशांत ने जीता दोहरा खिताब
राज्य बैडमिंटन में युवा शटलरों का जलवा.
झारखंड स्टेट बैडमिंटन टूर्नामेंट में अंडर-11 और अंडर-13 के चैंपियन घोषित. इशानवी आर्य, तन्मय कुमार, प्रेरणा शोमे और निशांत कुजूर ने सिंगल्स खिताब जीते. फाइनल मुकाबलों का विस्तृत विश्लेषण.
जमशेदपुर : जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में तीन दिनों तक चले योनेक्स सनराइज झारखंड स्टेट मिनी (Under-11) और सब-जूनियर (Under-13) बैडमिंटन टूर्नामेंट सह सेलेक्शन ट्रायल 2026 का रविवार को समापन हो गया. फाइनल मुकाबलों में झारखंड के अलग-अलग जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया. अंडर-11 में बोकारो की इशानवी आर्य और साहिबगंज के तन्मय कुमार ने सिंगल्स खिताब अपने नाम किया, जबकि अंडर-13 में रांची की प्रेरणा शोमे और निशांत कुजूर चैंपियन बने.
अंडर-11 में इशानवी और तन्मय ने जीते सिंगल्स खिताब
अंडर-11 गर्ल्स सिंगल्स के फाइनल में बोकारो की इशानवी आर्य ने जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया. गिरीडीह की ट्विंकल कुमारी उपविजेता रहीं, जबकि पूर्वी सिंहभूम की रिधिमा बनर्जी को तीसरा स्थान मिला. गर्ल्स डबल्स में धनबाद की दिव्यांशी प्रकाश और नंदिता गोप की जोड़ी विजेता बनी. गिरीडीह की स्नेहा प्रिया और ट्विंकल कुमारी की जोड़ी उपविजेता रही. बॉयज सिंगल्स में साहिबगंज के तन्मय कुमार ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. लोहरदगा के साद खान रनर-अप और सिमडेगा के अरुष नाग तीसरे स्थान पर रहे. बॉयज डबल्स में धनबाद के आर्यन कुमार और राजवीर महतो की जोड़ी ने खिताब जीता. रांची के वैभव सिंह और विकर्ष विनोभा की जोड़ी उपविजेता रही.
अंडर-13 में प्रेरणा ने जीता रोमांचक फाइनल
सब-जूनियर अंडर-13 गर्ल्स सिंगल्स में रांची की प्रेरणा शोमे ने रोमांचक फाइनल मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम किया. गिरीडीह की काश्वी कृष्णा उपविजेता और दुमका की निशा मरांडी तीसरे स्थान पर रहीं. गर्ल्स डबल्स में गिरीडीह की काश्वी कृष्णा और धनबाद की प्रियंका की जोड़ी विजेता बनी. दुमका की निशा मरांडी और पाकुड़ की याश्ना श्री की जोड़ी उपविजेता रही. बॉयज सिंगल्स में निशांत कुजूर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता. रवि प्रकाश उपविजेता और मनप्रीत प्रजापति तीसरे स्थान पर रहे. बॉयज डबल्स में लोहरदगा के निशांत कुजूर और सत्यांश राज केशरी की जोड़ी ने खिताब अपने नाम किया. निशांत ने सिंगल्स के साथ डबल्स में भी जीत दर्ज कर दोहरा खिताब हासिल किया. रांची के अंश कुमार पंडित और सिरिल साहू की जोड़ी उपविजेता रही.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए