छात्रों पर मारपीट को लेकर भाजपा का सरकार पर हमला, सांसद ने कह दी ये बड़ी बात

Updated:
विज्ञापन

प्रेस वार्ता को संबोधित करते सांसद विद्युत वरण महतो व अन्य.

भाजपा ने छात्रों और युवाओं के विरोध-प्रदर्शनों के दौरान कथित मारपीट और पुलिसिया कार्रवाई को लेकर झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला है. जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.

विज्ञापन

जमशेदपुर : छात्रों और युवाओं के विरोध-प्रदर्शन के दौरान कथित मारपीट और पुलिसिया कार्रवाई को लेकर भाजपा ने झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर तीखा हमला बोला है. शनिवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों की आवाज को राजनीतिक संरक्षण और दमन के जरिए दबाने का प्रयास किया जा रहा है. सांसद ने कहा कि रांची, हजारीबाग, गिरिडीह समेत राज्य के विभिन्न जिलों में रोजगार, परीक्षा में पारदर्शिता और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ मारपीट की घटनाएं बेहद निंदनीय हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं द्वारा आंदोलनकारी छात्रों, महिलाओं और युवाओं के साथ हाथापाई करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है.

आपके शहर में

विज्ञापन

भविष्य के साथ न्याय की मांग कर रहे युवा

उन्होंने कहा कि लाठी-डंडे, पुलिसिया दमन और राजनीतिक संरक्षण के बल पर हेमंत सरकार युवाओं की आवाज को दबा नहीं सकती. छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए सांसद ने कहा कि युवा किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहे, बल्कि परीक्षाओं में पारदर्शिता, नियुक्तियों में निष्पक्षता, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई और अपने भविष्य के साथ न्याय की मांग कर रहे हैं.

पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

सांसद विद्युत महतो ने सवाल उठाया कि अलग-अलग जिलों में एक ही समय पर छात्रों के साथ हिंसा की घटनाएं सामने आना महज संयोग है या इसके पीछे कोई सुनियोजित रणनीति है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भर्ती परीक्षाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. ऐसे में सरकार को दमन और पुलिसिया कार्रवाई के बजाय छात्रों के सवालों का जवाब देना चाहिए. सांसद ने कहा - यदि सरकार को अपनी भर्ती प्रक्रिया और जांच व्यवस्था पर पूरा भरोसा है, तो वह स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच से क्यों घबरा रही है.

झामुमो कार्यकर्ताओं पर लगाए गंभीर आरोप

सांसद ने आरोप लगाया कि झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा लेकर छात्रों के साथ मारपीट की गई और बेसबॉल बैट, हॉकी तथा लाठी जैसे सामानों के साथ उन्हें धमकाया गया. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे छात्रों पर इस तरह का हमला लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है. उन्होंने कहा कि पुतला दहन, धरना, प्रदर्शन और हड़ताल जैसे शांतिपूर्ण विरोध लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं. राजनीतिक संरक्षण में इन्हें दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जा सकता.

कांग्रेस नेतृत्व से भी मांगा जवाब

सांसद विद्युत महतो ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए राहुल गांधी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से झारखंड में छात्रों के साथ हो रही घटनाओं पर अपना मौन तोड़ने की मांग की. उन्होंने सवाल किया कि जो कांग्रेस नेता देशभर में छात्रों और युवाओं के हित की बात करते हैं, वे झारखंड के युवाओं के मुद्दे पर चुप क्यों हैं.

सीबीआई जांच की मांग दोहराई

सांसद ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और छात्रों के साथ हुई हिंसा की सीबीआई जांच की मांग दोहराई. उन्होंने कहा - जांच के दायरे में राजनीतिक नेताओं के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों की भूमिका को भी शामिल किया जाना चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर कानून के अनुसार कार्रवाई हो. उन्होंने कहा - सरकार को दमन का रास्ता छोड़कर संवाद और समाधान का रास्ता अपनाना चाहिए. झारखंड के युवाओं की आवाज को लाठी से नहीं दबाया जा सकता. उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों और युवाओं के लोकतांत्रिक संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़ी है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola