विष्णुगढ़ में दो नकली मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 01 Feb 2026 9:45 PM
भारी मात्रा में तैयार शराब, उपकरण और वाहन जब्त
विष्णुगढ़. विष्णुगढ़ थाना की पुलिस ने छापामारी कर दो अलग-अलग स्थानों पर चल रही नकली विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्रियों का पर्दाफाश किया. इस दौरान भारी मात्रा में तैयार शराब, उपकरण और वाहन जब्त किया गया. छापामारी का नेतृत्व थाना प्रभारी सपन कुमार महथा कर रहे थे. टीम ने रविवार की अहले सुबह करीब तीन बजे ग्राम नरकी पिपरा टोला में छापामारी की. यहां अवैध रूप से मिश्रित शराब को नामी ब्रांड की बोतलों में भरकर नकली स्टीकर और झारखंड सरकार का नकली मोनोग्राम लगाया जा रहा था. पुलिस के अनुसार, इस शराब को बिहार और अन्य राज्यों में खपाने की योजना थी. वहीं एसडीपीओ बैजनाथ प्रसाद के नेतृत्व में बेड़ाहरियारा पंचायत के चलनिया में कृष्णा साव के मकान पर छापामारी में दूसरी नकली शराब फैक्ट्री का उद्भेदन हुआ. यहां से पुलिस ने शराब बनाने की ऑटोमेटिक रीफिलिंग और पंचिंग मशीन बरामद की. दो तस्करों संजय कुमार उर्फ सन्नी (बोकारो) तथा हर्ष कुमार (विष्णुगढ़) को गिरफ्तार किया. पुलिस ने छापामारी के दौरान विभिन्न ब्रांडों की करीब 3900 से अधिक बोतलें और अन्य सामग्री जब्त की है. इनमें रॉयल स्टैग (59 पेटी), रॉयल चैलेंज (72 पेटी), ब्लेंडर्स प्राइड (19 पेटी), मैकडॉवल और स्ट्रलिंग रिजर्व शामिल है. इसके अलावा ऑटोमेटिक रीफिलिंग मशीन, स्टील मिक्सर, तीन नल वाला स्टील ड्रम और आठ गैलन मिश्रित शराब, पांच हजार से ज्यादा एट पीएम का नकली रैपर, ओल्ड मोंक, आइकोनिक व्हाइट आदि के दो हजार ढक्कन तथा सरकारी मोनोग्राम बरामद किया गया. साथ ही दो पिकअप वैन भी जब्त किया गया. इस मामले में 18 नामजद समेत 21 आरोपी बनाये गये हैं. थाना प्रभारी सपन महथा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. छापामारी दल में थाना प्रभारी सपन कुमार महथा, पुअनि दीपक कुमार सिंह, रतन कुमार मंडल, चंदन कुमार सिंह, संत कुमार पाठक एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










