हाइवा की रफ्तार ने बुझाया घर का चिराग, बड़कागांव में 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद बवाल

Updated:
विज्ञापन

बड़कागांव हाइवा ने एक व्यक्ति को कुचला, मौत, रोड जाम

बड़कागांव के चेपाकलां में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार हाइवा ने 52 वर्षीय जयपाली महतो को कुचल दिया. इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे कोयला ट्रांसपोर्टिंग ठप हो गई.

विज्ञापन

बड़कागांव से संजय सागर की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

बड़कागांव: डाड़ीकला ओपी क्षेत्र के चेपाकलां स्थित त्रिवेणी सैनिक लिमिटेड बिल्डिंग के पास शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से 52 वर्षीय जयपाली महतो की मौत हो गयी. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. सड़क जाम होने से कोयला ट्रांसपोर्टिंग भी ठप हो गयी और दर्जनों हाइवा सड़क पर खड़े हो गये.

मृतक जयपाली महतो मंझली डाड़ी निवासी प्यारी महतो के पुत्र थे. वह अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गये हैं.

जंगल जाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, जयपाली महतो कोल माइंस के कारण विस्थापित हुए थे. विस्थापन के बाद उन्होंने बड़कागांव के पकरी बरवाडीह में अपना नया आवास बनाया था. शुक्रवार की सुबह वह अपने नए आवास से चेपाकलां होते हुए जंगल की ओर जा रहे थे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह बकरी के लिए चारा लाने के उद्देश्य से कुल्हाड़ी लेकर जंगल जा रहे थे. इसी दौरान कोयला ट्रांसपोर्टिंग में लगे हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना गंभीर था कि जयपाली महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.

ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि त्रिवेणी सैनिक लिमिटेड से जुड़े कोयला परिवहन के दौरान इस सड़क पर बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं. ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों के कारण सड़क पर आम लोगों का चलना मुश्किल हो गया है.

ग्रामीणों ने मृतक को विस्थापित व्यक्ति बताते हुए कहा कि कोल माइंस के कारण उनका पुराना घर विस्थापित हो गया था और उन्होंने पकरी बरवाडीह में नया घर बनाया था.

पुलिस पहुंची घटनास्थल पर

घटना की सूचना मिलने के बाद डाड़ीकला ओपी प्रभारी सागेन मुर्मू और बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत शुरू की.

सड़क जाम से कोयला ट्रांसपोर्टिंग ठप

ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम किए जाने के कारण कोयला ट्रांसपोर्टिंग पूरी तरह ठप हो गयी. कोयला ढोने वाले दर्जनों हाइवा सड़क पर खड़े रहे. ग्रामीणों के सड़क पर बैठने के कारण आवागमन भी प्रभावित हुआ.

इधर, त्रिवेणी सैनिक के एचआर उत्तम झा ने दूरभाष पर बताया कि कोयले की ट्रांसपोर्टिंग त्रिवेणी सैनिक द्वारा नहीं की जाती है. उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्टिंग किसी दूसरी कंपनी द्वारा की जाती है और वे मामले की जानकारी लेकर इसकी पुष्टि करेंगे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola