बानाहप्पा में यज्ञ को लेकर कलशयात्रा

501 महिलाएं हुईं शामिल, हर-हर महादेव से गूंजा क्षेत्र
दारू. सदर प्रखंड के हुटपा पंचायत के बानाहप्पा में नवनिर्मित शिव मंदिर में शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकली. इसमें शामिल 501 महिलाएं यज्ञ मंडप से कलश लेकर साढ़े पांच किमी पैदल चल कर तरवा खरवा सिवाने नदी पहुंचीं. जहां मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरकर पुन: यज्ञ मंडप पहुंचीं. कलश यात्रा में मुख्य पुजारी अमरेंद्र प्रताप सिंह समेत 11 दंपती शामिल हुए. पांच दिनों तक चलने वाले महायज्ञ का समापन छह फरवरी को भंडारा और पूर्णाहूति के साथ होगा. तीन फरवरी को हवनात्मक कर्म, अन्नाधिवास तथा संध्या महाआरती, चार को हवनात्मक कर्म के साथ घृतादिवास, शर्करादिवास, फल-फूल पत्राधिवास एवं संध्या महाआरती, पांच को नगर परिक्रमा, महाअभिषेक, गुरु पूजन, शैयाधिवस एवं संध्या महाआरती, छह फरवरी को प्राण प्रतिष्ठा, गंगा उद्यापन, पूर्णाहुति, महाआरती एवं महाप्रसाद वितरण के साथ अनुष्ठान का समापन होगा. यज्ञ में शामिल होने के लिए महंत योगी सतीश नाथ महाराज, उप यज्ञाचार्य पंडित राहुल पाठक तथा कथा प्रवक्ता विदुषी दीदी निधि पुरोहित आये हुए हैं. समिति के अनुसार प्रतिदिन संध्या महंत योगी सतीश नाथ महाराज प्रवचन तथा विदुषी दीदी निधि पुरोहित संगीतमय कथा व भजनों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे. महायज्ञ को सफल बनाने में राम जतन सिंह, राजेश कुमार सिंह, बसंत वर्मा, चंदन सिंह, जागेश्वर यादव, अश्विनी कुमार, बसंत वर्मा, अनिल सिंह, जगदीश यादव, सूरज चंद्रवंशी, रंधीर कुमार सिंह सहित अन्य भक्त लगे हुए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




