सड़क दुर्घटना में किसान की मौत
मुआवजे की मांग को लेकर पांच घंटे रोड जाम
कटकमसांडी. कटकमदाग थाना क्षेत्र के गदोखर मोड़ के समीप सड़क दुर्घटना में पकरार गांव के किसान बासुदेव महतो (56 वर्ष) की मौत हो गयी. घटना शुक्रवार की सुबह करीब 6.30 बजे की है. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर गदोखर मोड़ के पास सड़क को पांच घंटे तक जाम रखा. अंचलाधिकारी सतेंद्र नारायण पासवान, थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष सुनील कुमार ओझा एवं सलगावां पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि महेश प्रसाद के समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया. पदाधिकारियों ने मृतक के परिजन को सरकारी नियमानुसार हर सुविधा मुहैया कराने का आश्वासन दिया. जाम हटने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा. बासुदेव महतो प्रतिदिन अपने मोपेड पर हरी सब्जी लादकर शहर बेचने जाया करते थे.
बगैर लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की मांग
किसान बासुदेव महतो अपने मोपेड (जेएच02बीएफ-2150) पर हरी सब्जी लेकर हजारीबाग शहर में बेचने जा रहे थे. वह जैसे ही लूटा पूर्णाडीह के ओवरब्रिज के ढलान पर पहुंचे, पीछे से आ रहे एक बालू लदे ट्रैक्टर ने उन्हें चपेट में ले लिया. जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही पकरार गांव के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे व मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया. ग्रामीणों का आरोप था कि बगैर लाइसेंस के चालक वाहन चलाते हैं. ओवरलोडेड बालू लदे ट्रैक्टर तेज गति से दौड़ाते हैं, जिसके कारण क्षेत्र में आये दिन घटना घटती रहती है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से बगैर लाइसेंस के वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई व ओवरलोडेड वाहनों पर रोक लगाने की मांग की. अंचलाधिकारी सतेंद्र नारायण पासवान और थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय ने ग्रामीणों की मांगों पर कार्रवाई करने की बात कही.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए