गुमला पहुंचीं कोडरमा MLA नीरा यादव, आंजन धाम में पूजा के बाद संगठन की मजबूती पर की चर्चा
कोडरमा विधायक नीरा यादव ने गुमला के आंजन धाम में पूजा-अर्चना की और जिले के पर्यटन विकास और संगठन की मजबूती पर चर्चा की.
गुमलाः कोडरमा विधायक एवं पूर्व मंत्री नीरा यादव शनिवार को गुमला पहुंचीं. गुमला आगमन के बाद उन्होंने प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल आंजन धाम का दौरा किया. यहां उन्होंने माता अंजनी और बाल हनुमान के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की. उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की.
आपके शहर में
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
आंजन धाम में दर्शन-पूजन के बाद विधायक नीरा यादव गुमला परिसदन स्थित सर्किट हाउस पहुंचीं. यहां भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. भाजपा जिलाध्यक्ष सागर उरांव ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया. इसके बाद पार्टी के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी पुष्पगुच्छ देकर विधायक का स्वागत किया.
ये भी पढ़ें- गुमला में शिक्षकों को अल्टीमेटम, एक सप्ताह में सभी लंबित कार्य पूरे करने का निर्देश
संगठन की मजबूती पर हुई चर्चा
सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान विधायक नीरा यादव ने गुमला जिले की राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली. उन्होंने जिले के विभिन्न प्रखंडों में पार्टी संगठन को और मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की. उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने को लेकर भी कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श किया. विधायक ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया.
पर्यटन विकास से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
बैठक के दौरान गुमला जिले के धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के विकास पर भी चर्चा हुई. विधायक नीरा यादव ने कहा कि गुमला प्राकृतिक और धार्मिक दृष्टि से काफी समृद्ध जिला है. आंजन धाम जैसे धार्मिक स्थलों के अलावा यहां कई ऐसे प्राकृतिक और ऐतिहासिक स्थल हैं, जिन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर और व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से पर्यटन के क्षेत्र में विकसित किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों का विकास होने से जिले में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. इसके लिए धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ बेहतर प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है.
ये भी पढ़ें- गुमला में आधार-पैन की जानकारी मांगने पहुंचा अंजान युवक, मुखिया ने किया सतर्क
मौके पर मौजूद रहे कई लोग
मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सागर उरांव, महामंत्री संदीप प्रसाद, नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला देवी, जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी, श्याम सुंदर साहू, गौरी किंडो, सोनामणि देवी, अनीता देवी, लालो देवी, श्याम गुप्ता, जयंत प्रसाद, जय साहू, अजय साहू समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए