पत्नी के नाम जमीन करने के बहाने निबंधन कार्यालय ले गये, आरोप है कि दूसरे लोगों के नाम करा दी जमीन
गुमला में पत्नी के नाम जमीन करने के बहाने धोखाधड़ी कर दूसरे के नाम जमीन रजिस्ट्री कराने का मामला सामने आया है. कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने FIR दर्ज की है.
गुमला. गुमला में एक गंभीर मामला सामने आया है. गुमला स्थित चैनपुर थाना क्षेत्र के छतरपुर के रहने वाले लोचनाथ रौतिया की जमीन कथित तौर पर उनकी सहमति के बिना ही दूसरे लोगों के नाम निबंधित करा दी गई है. मामले में लोचनाथ की ओर से गुमला व्यवहार न्यायालय में दायर परिवाद पर सुनवाई के बाद कोर्ट के आदेश से गुमला थाना में सात नामजद समेत अन्य के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
आपके शहर में
प्राथमिकी में चैनपुर निवासी रितेश कुमार गुप्ता, संध्या देवी, रंजीत कुमार, मुकेश कुमार सिंह और रंजीत महतो के अलावा गुमला के निबंधन पदाधिकारी रामजी तिग्गा, प्रधान सहायक मरांडी तथा कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर को आरोपित बनाया गया है. दर्ज प्राथमिकी में लोचनाथ ने आरोप लगाया है कि सितंबर 2023 में कुछ आरोपितों ने उन्हें बताया कि उनकी जमीन के बंटवारे से संबंधित मामला सिविल कोर्ट में लंबित है. मुकदमेबाजी से बचने के लिए जमीन पत्नी लक्ष्मी देवी के नाम करने की सलाह दी गई. इसके बाद उन्हें निबंधन कार्यालय ले जाया गया.
लोचनाथ का आरोप है कि निबंधन कार्यालय में बिक्री दस्तावेज पर यह कहकर उनका अंगूठे का निशान लिया गया कि जमीन उनकी पत्नी के नाम की जा रही है. उन्हें उस समय यह जानकारी नहीं दी गई कि दस्तावेज के जरिए जमीन किन लोगों के नाम दर्ज की जा रही है. प्राथमिकी के अनुसार, 24 अक्टूबर को जब उन्हें जमीन के संबंध में जानकारी मिली, तो लोचनाथ को गहरा सदमा लगा जब उन्हें पता चला कि उनकी जमीन उनकी जानकारी के बिना ही बिक गई है. आरोप है कि संध्या देवी के नाम 2.81 एकड़, मुकेश कुमार सिंह के नाम 2.83 एकड़ और रंजीत कुमार के नाम 2.81 एकड़ जमीन दर्ज कर दी गई. लोचनाथ ने धोखाधड़ी और जमीन हड़पने का आरोप लगाया है, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए