आने वाली पीढ़ियां कैसे जानेंगी बख्तर साय-मुंडल सिंह का इतिहास? पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग
मंच पर अतिथि | Prabhat Khabar Network
राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर वीर शहीदों बख्तर साय और मुंडल सिंह को नमन किया गया. उनकी जीवनी को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग उठाई गई.
गुमला. राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर गुरुवार को रायडीह प्रखंड के नवागढ़ स्थित पतराटोली के वीर शहीद बख्तर साय एवं मुंडल सिंह चौक पर स्वतंत्रता सेनानी गौरव सभा का आयोजन किया गया. इस दौरान भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने दोनों वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. साथ ही भगवान बिरसा मुंडा और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को भी नमन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन भाजपा गुमला जिला और रायडीह मंडल की ओर से किया गया.
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सागर उरांव, रायडीह मंडल अध्यक्ष करमपाल सिंह, कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक शिवशंकर उरांव, पूर्व विधायक कमलेश उरांव, प्रदेश उपाध्यक्ष मुनेश्वर साहू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. दिनेश उरांव, नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला देवी, किरण बाड़ा, देवेंद्र लाल उरांव और छोटेलाल भगत सहित कई नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे.
शहीदों की जीवनी पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग
वक्ताओं ने कहा कि बख्तर साय और मुंडल सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने क्षेत्र और समाज के सम्मान के लिए बलिदान दिया था. उनके योगदान को देशभर में पहचान मिलनी चाहिए. पूर्व विधायक कमलेश उरांव ने मांग की कि दोनों वीर शहीदों की जीवनी और संघर्ष को स्कूली शिक्षा से लेकर महाविद्यालय के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाये, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके इतिहास से परिचित हो सकें.
कार्यक्रम संयोजक शिवशंकर उरांव ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का उद्देश्य आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है. उन्होंने बताया कि 6 से 21 नवंबर तक देशभर में जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है. गुमला जिले में भी विभिन्न वीर शहीदों के स्मारक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं. इनमें रायडीह के बख्तर साय एवं मुंडल सिंह, सिसई के रेड़वा में तिरंगा खड़िया, रांची में वीर बुधु भगत और बिशुनपुर के चिंगरी में टाना भगत की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम शामिल हैं.
अधिकार और संस्कृति की रक्षा के लिए एकजुटता की अपील
किरण बाड़ा ने आदिवासी समाज से अपने अधिकारों, सम्मान, संस्कृति और अस्मिता की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की. उन्होंने मानव तस्करी, महिलाओं के शोषण और बहन-बेटियों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चिंता जतायी. साथ ही सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाने का आह्वान किया.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
