गुमला में एक दिन में 9,523 लोगों को मिला 39.19 करोड़ का लाभ, आखिर कहां-कहां पहुंची सरकारी मदद
विधिक सेवा सह सशक्तिकरण शिविर के बैनर तले लाभुक को चेक देते जिला जज और डीडीसी:फोटो प्रभात खबर
गुमला जिले के सभी 12 प्रखंडों में विधिक सेवा सह सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया. इन शिविरों के माध्यम से 9,523 लाभुकों के बीच करीब 39.19 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों और योजनाओं का लाभ वितरित किया गया. इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है.
गुमला से दुर्जय पासवन की रिपोर्ट
आपके शहर में
गुमला. झालसा के निर्देश एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुमला अजीत कुमार सिंह के मार्गदर्शन में रविवार को जिले के सभी 12 प्रखंड कार्यालयों में विधिक सेवा सह सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी.
9,523 लाभुकों को मिला 39.19 करोड़ का लाभ
जिले के सभी प्रखंडों में आयोजित शिविरों में कुल 9,523 लाभुकों के बीच करीब 39 करोड़ 19 लाख 49 हजार रुपये की परिसंपत्तियों एवं योजनाओं का लाभ वितरित किया गया. इस दौरान किसान क्रेडिट कार्ड, आवास योजना के स्वीकृति पत्र, जॉब कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लाभुकों को दिया गया. दिव्यांगजनों के बीच व्हीलचेयर का भी वितरण किया गया.
गुमला में मुख्य शिविर का आयोजन
गुमला प्रखंड में आयोजित मुख्य शिविर का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, अंचल अधिकारी हरीश कुमार, बीडीओ अशोक चोपड़ा एवं इंदु पांडे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी.
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उद्देश्य
मुख्य अतिथि अजीत कुमार सिंह ने कहा कि विधिक सेवा सह सशक्तिकरण शिविर का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और विधिक सेवाओं का लाभ पहुंचाना है. जानकारी के अभाव में गरीब और ग्रामीण क्षेत्र के लोग कई बार सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं. ऐसे लोगों को जागरूक करने के लिए डालसा द्वारा लगातार कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं.
महिलाओं को सशक्त बनने और नशे के खिलाफ अभियान चलाने का आह्वान
उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनने तथा नशे के खिलाफ अभियान चलाने का आह्वान किया. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नशे से दूर रखते हुए शिक्षा की ओर अग्रसर करने की अपील की, ताकि बच्चे भविष्य में अच्छे नागरिक बनकर परिवार और समाज का सहारा बन सकें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए