ePaper

झारखंड में फिर मॉब वायलेंस: उग्र भीड़ का निशाना बने चोरी के आरोपी दो युवक, एक की स्थिति गंभीर

Updated at : 29 Jun 2019 9:30 AM (IST)
विज्ञापन
झारखंड में फिर मॉब वायलेंस: उग्र भीड़ का निशाना बने चोरी के आरोपी दो युवक, एक की स्थिति गंभीर

गोड्डा : सरायकेला मॉब लिचिंग की घटना के बाद चोरी के आरोप में गोड्डा में दो युवक भीड़ के हत्थे चढ़ गये. भीड़ ने दोनों की जम कर पिटाई कर दी. मुख्य सचिव के निर्देश के बाद भी दोनों ही घटना में पुलिस ने सुस्ती दिखाई है. गोड्डा जिले के अलग-अलग प्रखंडों में दो युवकों […]

विज्ञापन

गोड्डा : सरायकेला मॉब लिचिंग की घटना के बाद चोरी के आरोप में गोड्डा में दो युवक भीड़ के हत्थे चढ़ गये. भीड़ ने दोनों की जम कर पिटाई कर दी. मुख्य सचिव के निर्देश के बाद भी दोनों ही घटना में पुलिस ने सुस्ती दिखाई है. गोड्डा जिले के अलग-अलग प्रखंडों में दो युवकों को उग्र भीड़ ने निशाना बनाया. एक पुलिस कस्टडी में है, तो दूसरा अस्पताल में जीवन और मौत से जूझ रहा है. गुरुवार की रात कन्हवारा गांव में ग्रामीणों ने एक युवक की चोरी के आरोप में पकड़ कर जम कर धुनाई की. वहीं महगामा के बसुआ चौक पर शुक्रवार को भीड़ ने चोरी के आरोपी युवक को पीट कर अधमरा किया. पुलिस के मुताबिक युवक विक्षिप्त है, खाना का बर्तन लेकर भाग रहा था, तो कुछ लोगों ने पिटाई की.

गोड्डा के कन्हवारा में बाइक चोरी करते पकड़ा, की धुनाई

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कन्हवारा गांव में ग्रामीणों ने गुरुवार की देर रात एक युवक को चोरी करते पकड़ा और उसकी जम कर पिटाई कर दी. पकड़े गये युवक का नाम चांद अंसारी बताया जाता है. वह थाना क्षेत्र के पंचरुखी गांव का रहनेवाला है. बताया जाता गुरुवार की रात करीब एक बजे कथित चोर गांव के मनोज साह की बाइक चोरी कर रहा था. आवाज सुन घर के लोग जग गये और हल्ला करने लगे. इस पर काफी भीड़ जमा हो गयी. चांद अंसारी उग्र भीड़ के हत्थे चढ़ गया. इसके बाद ग्रामीणों ने उसकी जम कर धुनाई की, जिससे वह घायल हो गया.

मनोज साह ने बताया कि चोरी करने तीन युवक आये थे. हल्ला करने पर दो भाग गये व एक पकड़ा गया. मनोज साह मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कराया है. बताया कि तीन युवक उसके घर से बाइक चोरी कर ले जा रहे थे. मनोज साह की बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है. घटना गुरुवार की रात करीब एक बजे की है. घटना की सूचना कुछ लोगों ने पुलिस को दी. लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची. इस बीच चोर की पिटाई होती रही. स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी पुलिस को सूचना दी. तब जाकर पुलिस शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे पहुंची.

बता दें कि मुफस्सिल थाना से कन्हवारा गांव की दूरी मात्र तीन से चार किमी है. कथित चोर की हालत गंभीर हो गयी. इसके बाद पुलिस ने चोर को गिरफ्तार कर पुलिस मुफस्सिल थाना ले गयी.

महगामा: खाना मांगने आये विक्षिप्त युवक की पिटाई कर दी
महगामा में शुक्रवार को चोर कह कर एक युवक को बेरहमी से पीटा जा रहा था. कुछ लोग युवक की पिटाई कर रहे थे और लोग तमाशबीन बने रहे. किसी ने बचाने की जहमत नहीं उठायी. युवक जान बचाने की गुहार लगा रहा था, गिड़गिड़ा रहा था पर उसकी आवाज उग्र भीड़ की शोर में दब गयी. किसी ने नहीं सुनी. मामला बसुआ चौक का है. दिन के करीब 12 बजे कुछ लोग चोर कह कर एक युवक को घंटों पीटते रहे. पिटाई से युवक अधमरा हो गया. जब युवक बेहोश हो गया, तो मौके पर जमा लोगों ने 108 पर फोन कर एंबुलेंस बुला कर उसे इलाज के लिए महगामा रेफरल अस्पताल भेज दिया. घटना के बाद अस्पताल लायेा गया युवक करीब सात घंटे तक बेहोश रहा. इसलिए उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी. होश आने के बाद भी वह कुछ बताने की स्थिति में नहीं है. किसी तरह उसने अपना नाम राज यादव और पता मोजाहिदपुर, भागलपुर ही बता पाया.

आधा किमी दूर तय करना भी मुनासिब नहीं समझी पुलिस : प्रत्यक्षदर्शियों की भी मानें तो पुलिस को मामले की सूचना दी गयी, लेकिन आधा किलोमीटर की दूरी तय कर घटनास्थल पर पहुंचना पुलिस मुनासिब नहीं समझी. यहां तक कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी पुलिस को सूचना दी गयी. बावजूद घटना के छह घंटे बीतने के बाद भी पुलिस अस्पताल में भर्ती युवक को देखने तक नहीं गयी. वहीं देर शाम गोड्डा के एसपी शैलेंद्र प्रसाद वर्णवाल ने महगामा की घटना पर कहा कि युवक विक्षिप्त है और खाना मांगने गया था. खाना नहीं मिलने पर बर्तन लेकर भाग रहा था तो घरवालों ने पकड़ कर पिटाई की.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola