बगोदर में हाथियों का कहर जारी, 25 गजराजों के झुंड ने मचायी तबाही

Updated:
विज्ञापन

हाथियों ने तोड़ी दीवार

बगोदर में 25 हाथियों के झुंड ने 14वें दिन भी मचाया उत्पात। घर तोड़ा और फसलें रौंदीं, ग्रामीणों में दहशत का माहौल। वन विभाग की टीम मौके पर तैनात।

विज्ञापन

बगोदर वन क्षेत्र में 25 हाथियों के झुंड का उत्पात लगातार 14वें दिन भी जारी है. बुधवार की देर रात हाथियों के झुंड ने खेतको पंचायत के कई गांवों में जमकर तबाही मचायी. झुंड के अब विष्णुगढ़ क्षेत्र की ओर बढ़ने की सूचना मिल रही है. हाथियों ने कई किसानों की फसलें बर्बाद करने के साथ एक घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

करमाटांड़ में एक घर को गजराजों ने तोड़ डाला

बुधवार की रात करीब 10 बजे हाथियों का झुंड खेतको पंचायत के करमाटांड़ टोला पहुंचा. यहां मुरली महतो के घर को हाथियों ने तोड़ दिया. ग्रामीणों को हाथियों के गांव में घुसने की जानकारी मिल गयी थी. ग्रामीणों के हो-हल्ला करने पर घर में रह रहे लोग समय रहते बाहर निकल गये. इससे बड़ी अनहोनी टल गयी. हालांकि, हाथियों के हमले में घर को काफी नुकसान पहुंचा है.

हाथियों द्वारा तोड़ा गया घर की तस्वीर  हाथियों के द्वारा तोड़ी गयी चाहरदिवारी की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
हाथियों द्वारा तोड़ा गया घर की तस्वीर हाथियों के द्वारा तोड़ी गयी चाहरदिवारी की तस्वीर | Prabhat Khabar Network

खेतको में एक बागान की चहारदीवारी भी गिरा दी

मुरली महतो के घर के अलावा हाथियों ने खेतको निवासी मनोज कुमार के बागान की चहारदीवारी भी तोड़ दी. बागान में लगी सब्जियों और मक्का की फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया. हाथियों के लगातार गांवों और खेतों में पहुंचने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है.

हाथियों का झुंड बार-बार लौटकर कर रहा उत्पात

ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग लगातार हाथियों को क्षेत्र से बाहर खदेड़ने का प्रयास कर रहा है, लेकिन झुंड बार-बार लौटकर गांवों और खेतों में पहुंच जा रहा है. इससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है.

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी घटना को रोका जा सके.

वन विभाग ने खदेड़ने का किया प्रयास

स्थानीय मुखिया शालीग्राम प्रसाद ने देर रात हाथियों के गांव में प्रवेश की सूचना वन विभाग को दी. इसके बाद वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने मशाल जलाकर हाथियों के झुंड को गांव से बाहर खदेड़ने का प्रयास किया. ग्रामीणों को खेतों की ओर नहीं जाने की सलाह भी दी गयी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola