प्रोत्साहन राशि पर सेविकाओं और सीएचसी के बीच तकरार, जानें भुगतान को लेकर क्या है दोनों पक्षों का दावा
विरोध करती सेविकायें. | Prabhat Khabar Network
बकाया प्रोत्साहन राशि न मिलने से नाराज आंगनबाड़ी सेविकाओं ने गावां सीएचसी में विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने शीघ्र भुगतान न होने पर कार्यों के बहिष्कार की चेतावनी दी.
गिरिडीह. काम कराने के बाद भी प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं होने से नाराज आंगनबाड़ी सेविकाओं ने गुरुवार को गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में विरोध प्रदर्शन किया. सेविकाएं जुलूस की शक्ल में सीएचसी पहुंचीं और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की. उन्होंने बकाया राशि का शीघ्र भुगतान नहीं होने पर सीएचसी से जुड़े कार्यों का बहिष्कार करने की चेतावनी दी.
सेविकाओं का आरोप है कि विभाग की ओर से पल्स पोलियो अभियान, प्रचार-प्रसार और अन्य स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में उनसे लगातार काम लिया जाता है, लेकिन इसके एवज में मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का समय पर भुगतान नहीं किया जाता. इससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
त्योहारों में भी नहीं मिला भुगतान
सेविका संघ की अध्यक्ष संजू देवी ने कहा कि सेविकाओं से विभिन्न सरकारी अभियानों में जिम्मेदारी के साथ काम कराया जाता है. इन कार्यों के लिए विभाग की ओर से सीएचसी को राशि भी आवंटित की जाती है, लेकिन सेविकाओं के खातों में भुगतान नहीं किया जाता. बकाया राशि के संबंध में जानकारी मांगने पर उन्हें टालमटोल का सामना करना पड़ता है.
ये भी पढ़ें: सम्मेद शिखरजी में मुनि प्रमाण सागर का संदेश, क्रोध, मान, माया और लोभ पर विजय से मिलेगी आत्मशांति
सेविका गुलशन आरा ने कहा कि दशहरा और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान भी उन्हें प्रोत्साहन राशि नहीं मिली. बार-बार आग्रह करने के बावजूद भुगतान नहीं होने से सेविकाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है. इसी वजह से उन्हें विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा.
जिप सदस्य ने अधिकारियों से जांच की मांग की
प्रदर्शन में शामिल जिला परिषद सदस्य पवन कुमार चौधरी ने भी सेविकाओं की मांग का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि यदि राशि आवंटित होने के बावजूद संबंधित कर्मियों को भुगतान नहीं किया जा रहा है, तो यह गंभीर मामला है. उन्होंने जिले के वरीय अधिकारियों से मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की.
बीपीएम बोले- सभी के खातों में भेजी गयी राशि
वहीं, सीएचसी के बीपीएम प्रमोद कुमार बर्णवाल ने सेविकाओं के आरोपों को बेबुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि सभी सेविकाओं के बैंक खातों में राशि भेज दी गयी है. सेविकाओं को अपने बैंक खातों की जांच करनी चाहिए.
ये भी पढ़ें: बेंगाबाद में मौसम की मार से मर रही आलू की फसल, किसानों की बढ़ी चिंता
हालांकि, भुगतान को लेकर सेविकाओं और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी के दावों में विरोधाभास सामने आया है. सेविकाओं ने बकाया राशि के भुगतान की मांग दोहराते हुए चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे सीएचसी से संबंधित कार्यों का बहिष्कार करेंगी.
प्रदर्शन में सुनीता देवी, आरती देवी, किरण देवी, सुधा शर्मा समेत कई आंगनबाड़ी सेविकाएं शामिल थीं.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए