बिरनी में अवैध कोयला ढुलाई के दौरान बड़ा हादसा, बाइक का टायर फटने से चालक का कटा दायां पैर
कोयला लदी बाइक का टायर फटा. (AI Image)
गिरिडीह के भरकट्टा में कोयला लदी बाइक के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, उसका पैर कट गया. यह घटना अवैध कोयला कारोबार की ओर इशारा करती है.
गिरिडीह. जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत भरकट्टा ओपी क्षेत्र में बुधवार सुबह कोयला लदी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. करमाटांड़-द्वारपहरी मुख्य मार्ग पर पेशम नदी के समीप बाइक का टायर फटने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे में उसका दायां पैर कट गया. उसके साथ चल रहे लोग उसे इलाज के लिए धनबाद ले गये. बाइक पर कोयला लदा होने के कारण घटना के दौरान अवैध कोयला कारोबार की चर्चा भी सामने आयी है.
घायल की पहचान गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित जगमनडीह गांव निवासी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वह अन्य लोगों के साथ गिरिडीह से बाइक पर कोयला लेकर जा रहा था. बुधवार सुबह करीब सात बजे पेशम नदी के पास अचानक बाइक का टायर फट गया. इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गयी और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया.
ये भी पढ़ें: सांसद ढुल्लू महतो के बयान से JLKM कार्यकर्ताओं में नाराजगी, बगोदर में किया पुतला दहन
हादसे के बाद कोयला और बाइक हटायी गयी
घटना के बाद साथ चल रहे लोगों ने घायल को इलाज के लिए धनबाद पहुंचाया. वहीं, कोयला और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी मौके से हटा लिया गया. स्थानीय स्तर पर घटना की सूचना पुलिस को नहीं दिये जाने की बात सामने आयी है. हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
सुबह चार बजे से चलती है कोयले की ढुलाई
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गिरिडीह से प्रतिदिन कई दर्जन बाइक पर तीन से चार बोरा कोयला लादकर भरकट्टा क्षेत्र में लाया जाता है. ग्रामीणों का दावा है कि इसके बाद कथित तौर पर फर्जी कागजात तैयार कर कोयले को ट्रकों के जरिये बिहार भेजा जाता है. इस कारोबार के सुबह करीब चार बजे से शुरू होने की बात भी कही जा रही है.
ये भी पढ़ें: मरांग बुरु धोरोमगढ़ महासम्मेलन में पहुंचीं कल्पना सोरेन, आयोजन समिति ने किया स्वागत
ओपी प्रभारी ने कहा, जानकारी नहीं
भरकट्टा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय ने बताया कि उन्हें हादसे की जानकारी नहीं है. उन्होंने क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार होने से भी इनकार किया. उनका कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जायेगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए