आवास योजनाओं की अनियमितता पर जांच, असको पहुंची टीम

Updated:
विज्ञापन

आवास योजना से संबंधित मामले की जांच करते पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

देवरी प्रखंड की असको पंचायत में आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितता की शिकायतों के बाद एक जांच टीम पहुंची. टीम ने लाभुकों के घरों का दौरा कर योजनाओं की स्थिति और पात्रता का भौतिक सत्यापन किया. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन

देवरी प्रखंड की असको पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना, बाबा साहब भीमराव आंबेडकर आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना के लाभुकों के चयन और योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितता की शिकायत पर शुक्रवार को जांच टीम पंचायत पहुंची. प्रशिक्षु आइएएस यश कुमार एवं खोरीमहुआ एलआरडीसी सुनील प्रजापति के नेतृत्व में पहुंची टीम ने शिकायत से संबंधित मामलों का भौतिक सत्यापन किया और लाभुकों की पात्रता की जांच की.

आपके शहर में

विज्ञापन

डीसी के निर्देश पर गठित हुई जांच टीम

जानकारी के अनुसार, असको पंचायत की पंचायत समिति सदस्य ममता देवी ने पंचायत में विभिन्न आवास योजनाओं के लाभुकों के चयन और योजनाओं के क्रियान्वयन में मुखिया एवं पंचायत सचिव पर अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए गिरिडीह डीसी को लिखित शिकायत दी थी. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीसी के निर्देश पर दो सदस्यीय जांच टीम गठित की गयी.

लाभुकों के घर पहुंचकर किया सत्यापन

शुक्रवार को जांच टीम के अधिकारियों ने असको पंचायत पहुंचकर शिकायत में नामित लाभुकों के घर जाकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जांच की. इस दौरान असको गांव की सरिता देवी एवं डांड़ीडीह गांव की अदनवां देवी का प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम शामिल होने के मामले में उनकी पात्रता का भौतिक सत्यापन किया गया.

वहीं, खोजारटोल गांव की प्रीति देवी एवं सुमित्रा देवी के घर पहुंचकर भी शिकायत से संबंधित बिंदुओं की जांच की गयी. अधिकारियों ने आवास योजना के तहत लाभुकों के चयन और योजना के क्रियान्वयन से जुड़े दस्तावेजों व मौके की स्थिति का जायजा लिया.

जांच पूरी होने के बाद डीसी को सौंपी जायेगी रिपोर्ट

एलआरडीसी सुनील प्रजापति ने बताया कि जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट गिरिडीह डीसी को सौंपी जायेगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

मौके पर देवरी बीडीओ कुमार बंधु कच्छप, प्रखंड समन्वयक सुधीर कुमार, मुखिया लक्ष्मी देवी, पंचायत समिति सदस्य ममता देवी समेत अन्य लोग मौजूद थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola