हर बुधवार जाम से जूझता गावां, हाट की जमीन सिमटी तो सड़क बनी बाजार
हाट के दौरान सड़क पर लगा जाम
गावां में साप्ताहिक हाट के कारण सड़क पर लगने वाली दुकानों से भारी जाम लग रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने और हाट को व्यवस्थित करने की मांग की है।
गावां में बुधवार को लगने वाला साप्ताहिक हाट-बाजार इन दिनों राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है. हाट के दौरान सड़क के दोनों ओर दुकानें सज जाने और बड़ी संख्या में आनेवाले खरीदारों के पहुंचने से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है.
आपके शहर में
सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित होने से राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से हाट को व्यवस्थित कराने और सड़क को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की है.
सड़क पर दुकानों से थम जाता है गावां का पहिया
बुधवार को गावां के हाट में स्थानीय लोगों के अलावा सतगावां प्रखंड और मिर्जागंज क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में दुकानदार पहुंचते हैं. आसपास के गांवों से खरीदार भी आते हैं. इससे बाजार में राहगीरों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों का दबाव बढ़ जाता है. सड़क पर दुकानें लगने से एक वाहन के प्रवेश करते ही दूसरे वाहनों के निकलने की जगह नहीं बचती है. कई बार जाम घंटों बना रहता है.
हाट की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप
ग्रामीणों की मानें तो हाट के लिए खाता सं 227, प्लॉट सं 622 में कुल तीन एकड़ 34 डिसमिल जमीन दर्ज है. फिलहाल हाट परिसर में करीब एक एकड़ से भी कम जमीन बची है. शेष जमीन के संबंध में ग्रामीण अतिक्रमण की आशंका जता रहे हैं. पर्याप्त जगह नहीं मिलने से दुकानदार सड़क किनारे दुकानें लगाने को मजबूर होते हैं.
गहमागहमी से जाम के साथ चोरी का भी खतरा
हाट के दिन अत्यधिक भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर मोबाइल और पर्स चोरी की घटनाएं भी होती रहती हैं. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर भीड़ के कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है. ऐसे में हाट को व्यवस्थित करना जरूरी है.
सीओ को स्थल की मापी करानी चाहिए : मुखिया
गावां मुखिया कन्हाय राम ने कहा कि हाट परिसर को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए अंचल प्रशासन से कई बार आग्रह किया गया है. उन्होंने कहा कि सीओ को स्थल की मापी कराकर हाट को व्यवस्थित कराने की पहल करनी चाहिए. ग्रामीणों ने प्रशासन से हाट के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने और सड़क पर लगने वाली दुकानों को हटाने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए