काम से लौट रहे युवक की बाइक बिजली पोल से टकरायी, गंभीर हालत में गढ़वा रेफर के बाद 27 वर्षीय रविंद्र की मौत
गढ़वा में बाइक दुर्घटना में 27 वर्षीय रविंद्र भुइयां की मौत हो गई. काम से लौटते वक्त उनकी अनियंत्रित बाइक बिजली के पोल से टकरा गई थी. गंभीर हालत में अस्पताल रेफर किया गया.
गढ़वा. रंका थाना क्षेत्र के मानपुर गांव के पास मंगलवार देर शाम मोटरसाइकिल दुर्घटना में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के मतौली गांव निवासी स्वर्गीय मानिकचंद भुइयां के पुत्र रविंद्र भुइयां के रूप में हुई है.
मृतक के भाई उदेश भुइयां ने बताया कि रविंद्र किसी काम से अपने घर से रंका आया था. काम पूरा करने के बाद वह मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान मानपुर गांव के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गयी.
गंभीर हालत में गढ़वा किया गया रेफर
दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से रविंद्र को गंभीर हालत में रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उसे गढ़वा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस गढ़वा सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया. हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए