सपही गांव के ग्रामीणों को मिली राहत, निजी खर्च से बन रही दो किमी सड़क
जनप्रतिनिधि की उदासीनता पर सत्ताधारी पार्टी के नेता ने निजी खर्च से बनवा दी दो किलोमीटर सड़क | Prabhat Khabar Network
झामुमो जिला सदस्य राजेंद्र उरांव ने रमना के सपही गांव में बदहाल सड़क का निर्माण अपने निजी खर्च से शुरू कराया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
सपही गांव के ग्रामीणों को मिली राहत, वर्षों से बदहाल रास्ते की समस्या होगी दूर प्रतिनिधि, रमना रमना प्रखंड की बहियार कला पंचायत अंतर्गत सपही गांव में वर्षों से बदहाल सड़क की समस्या अब ग्रामीणों की अपनी पहल से दूर होने लगी है. गांव की लगभग दो किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क का निर्माण झामुमो के जिला सदस्य राजेंद्र उरांव अपने निजी खर्च से करा रहे हैं. यह सड़क मुख्य कालीकरण सड़क कुर्बान अंसारी के घर से सपही स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र तक बनायी जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब थी.
आपके शहर में
बरसात में कीचड़ बनी सड़क, अब मिली राहत
बरसात के दिनों में यह पूरी तरह कीचड़ में बदल जाती थी, जिससे मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और किसानों को काफी परेशानी होती थी. ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए कई बार पंचायत प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से मांग की गयी, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हो सकी. इसके बाद राजेंद्र उरांव ने आगे बढ़कर जनहित में सड़क निर्माण शुरू कराया.
जनसेवा के लिए आगे आने की अपील
झामुमो जिला सदस्य राजेंद्र उरांव ने कहा कि जनसेवा केवल चुनावी वादों तक सीमित नहीं होनी चाहिए. सरकारी स्तर पर काम स्वीकृत होने तक सक्षम लोगों को जनहित में आगे आना चाहिए. मुखिया सावित्री देवी ने कहा कि सड़क बनने से गांव में स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि से जुड़ी समस्याएं कम होंगी. सुनील उरांव ने बताया कि फिलहाल ग्रामीणों की सुविधा के लिए सड़क बनायी जा रही है और आगे इसके पक्कीकरण के लिए सरकार से मांग की जायेगी. ग्रामीणों ने इस पहल के लिए सभी का आभार जताया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए