Watch Video: घायल अभ्यर्थी ने एंबुलेंस में दी J-TET परीक्षा, डीसी की पहल से पूरा हुआ सपना

विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

दुर्घटना में घायल होने के बावजूद JETET परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी की इच्छाशक्ति ने DC को प्रेरित किया. जानें कैसे एंबुलेंस में हुई परीक्षा.

विज्ञापन

गढ़वा. झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 का आयोजन रविवार को गढ़वा जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुआ. जिले के 26 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित परीक्षा में कुल 14,625 अभ्यर्थी पंजीकृत थे. इनमें से 12,160 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2,465 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किये गये थे. वहीं, परीक्षा के दौरान मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल भी देखने को मिली. दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक अभ्यर्थी ने एंबुलेंस में बैठकर परीक्षा दी.

विज्ञापन

दुर्घटना में घायल होने के बावजूद परीक्षा देने पहुंचा अभ्यर्थी

जानकारी के अनुसार, आरकेवीएस संस्थान, रेहला रोड, सोनपुरवा स्थित परीक्षा केंद्र पर पहुंचे अभ्यर्थी जावेद अंसारी 13 अक्टूबर को हुई दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गये थे. दुर्घटना में उनकी कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आयी थी. इस कारण उनके लिए सामान्य रूप से परीक्षा कक्ष में बैठना संभव नहीं था. इसके बावजूद परीक्षा देने के दृढ़ संकल्प के साथ वह एंबुलेंस से परीक्षा केंद्र पहुंचे.

एंबुलेंस में परीक्षा देता अभ्यर्थी | Prabhat Khabar Network
एंबुलेंस में परीक्षा देता अभ्यर्थी | Prabhat Khabar Network

उन्होंने अपनी परेशानी से केंद्राधीक्षक एवं प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट को अवगत कराते हुए एंबुलेंस में ही परीक्षा देने की अनुमति मांगी. मामले की जानकारी उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा को दी गयी. अभ्यर्थी की शारीरिक स्थिति और परीक्षा देने की इच्छाशक्ति को देखते हुए उपायुक्त ने तत्काल अनुमति प्रदान की. इसके बाद प्रशासन की ओर से एंबुलेंस में ही परीक्षा देने की विशेष व्यवस्था की गयी.

सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में ली गयी परीक्षा

परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाये रखने के लिए एंबुलेंस में भी सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा ली गयी. केंद्राधीक्षक एवं प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाये रहे.

डीसी-एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

इधर, परीक्षा के सफल संचालन और विधि-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने गोविंद हाई स्कूल, मेराल उच्च विद्यालय, बालिका उच्च विद्यालय एवं गोपीनाथ सिंह महाविद्यालय सहित अन्य केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया.

उन्होंने केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा निष्पक्ष और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया. साथ ही प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रख-रखाव एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी लेने के लिए जिला कोषागार स्थित बज्रगृह का भी निरीक्षण किया.

जिला प्रशासन के अनुसार, अधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के बेहतर समन्वय और सतत निगरानी के कारण जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. वहीं, घायल अभ्यर्थी को परीक्षा देने का अवसर उपलब्ध कराने की प्रशासनिक पहल की सराहना की जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola