गढ़वा: हाईवा की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो गंभीर घायल
सांकेतिक तस्वीर
गढ़वा के मेढ़ना टोल टैक्स के पास हाईवा और बाइक की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गढ़वा. गढ़वा थाना क्षेत्र के मेढ़ना टोल टैक्स के समीप शनिवार की रात हाईवा और मोटरसाइकिल की टक्कर में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरमा खुर्द गांव निवासी सुदामा साव के पुत्र राजू प्रसाद गुप्ता (34) के रूप में हुई है.
आपके शहर में
तीनों युवक गए थे बाल कटवाने
घायलों में उसी गांव के जगत यादव के पुत्र नागेंद्र यादव और रामचंद्र साव के पुत्र सुनील साव शामिल हैं.घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि राजू प्रसाद गुप्ता, नागेंद्र यादव और सुनील साव एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर से गढ़वा थाना क्षेत्र के बेलचंपा चौक के समीप बाल कटवाने आए थे. बाल कटवाने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान मेढ़ना गांव स्थित टोल टैक्स के पास फोरलेन सड़क पर उनकी मोटरसाइकिल की एक हाईवा से टक्कर हो गई .
एक की मौत, दो घायल
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार राजू प्रसाद गुप्ता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि नागेंद्र यादव और सुनील साव गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया.अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद राजू प्रसाद गुप्ता को मृत घोषित कर दिया.
ये भी पढ़ें: कीचड़ और गड्ढों में तब्दील पंडरिया की सड़क, 500 परिवारों की आवाज सुनने वाला कोई नहीं
बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर
वहीं दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया. नागेंद्र यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया.घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस गढ़वा सदर अस्पताल पहुंची और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया. शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया.परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए