गढ़वा डीसी पर भ्रामक पोस्ट करने और शौचालय के नाम पर वसूली के आरोप में दो पर FIR
गढ़वा में डीसी पशुपति नाथ मिश्रा पर भ्रामक पोस्ट और शौचालय जियो टैग के नाम पर उगाही के आरोप में दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। जिला प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।
गढ़वा: सोशल मीडिया पर उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा को लेकर भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने और शौचालय जियो टैग के नाम पर पैसे की उगाही करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू की है.
फेसबुक पर पोस्ट कर डीसी पर लगाया गया था आरोप
जिला जनसंपर्क कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 18 नवंबर को फेसबुक पर ‘गढ़वा डीसी शौचालय में पैसा लेता है’ शीर्षक से एक पोस्ट प्रसारित किया गया था. इस पर उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने तुरंत संज्ञान लिया और जिला जल एवं स्वच्छता समिति के कार्यपालक अभियंता सह सदस्य सचिव से पूरे मामले की जानकारी मांगी.
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि विभाग के अंतर्गत प्रखंड स्तर पर कोई भी संविदा या आउटसोर्स कर्मी कार्यरत नहीं है.
दो अलग-अलग थानों में दर्ज करायी गयी प्राथमिकी
इसके बाद प्रशासन ने फेसबुक पर कथित रूप से निराधार और भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने के आरोप में विशुनपुरा प्रखंड के सरांग पंचायत अंतर्गत जतपुरा गांव निवासी पंकज कुमार यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया. वहीं, शौचालय जियो टैग के नाम पर पैसे की उगाही करने के आरोप में मझिआंव प्रखंड के करमडीह गांव निवासी अविनेश कुमार के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा गया.
निर्देश के आलोक में कार्यपालक अभियंता ने 19 नवंबर को विशुनपुरा थाना और 20 नवंबर को मझिआंव थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी. जिला प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गयी है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए