धुरकी क्षेत्र में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस, अमन-चैन की मांगी गई दुआ

Updated:
विज्ञापन

धुरकी | Prabhat Khabar Network

धुरकी में ईद मिलादुन्नबी के मौके पर भव्य जुलूस निकाला गया। मुस्लिम समुदाय ने पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन पर शांति और भाईचारे का संदेश दिया।

विज्ञापन

धुरकी, गढ़वा: प्रखंड क्षेत्र के धुरकी, खाला, खुटिया, टाटीदीरी सहित विभिन्न गांवों में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के मौके पर बुधवार को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जुलूस निकाला गया. जुलूस में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया. इस दौरान पूरा क्षेत्र नारे-ए-तकबीर और सरकार की आमद मरहबा के नारों से गूंज उठा. नाते-पाक की प्रस्तुति ने माहौल को रूहानी और खुशनुमा बना दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

जुलूस विभिन्न गांवों एवं मुख्य मार्गों से होकर गुजरा. इस दौरान लोगों ने अपने घरों और दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया था. जुलूस में शामिल बच्चे, युवा और बुजुर्ग पैगंबर साहब के बताए रास्ते पर चलने तथा आपसी भाईचारा, प्रेम और शांति बनाए रखने का संदेश दे रहे थे.

जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी को लेकर विभिन्न स्थानों पर लंगर और स्वागत शिविर लगाये गये थे. जुलूस में शामिल अकीदतमंदों के बीच शरबत, पानी और भोजन का वितरण किया गया. आयोजकों ने कहा कि यह पर्व इंसानियत, भाईचारे और मोहब्बत का संदेश देता है. पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने मानवता, शांति और जरूरतमंदों की मदद करने की शिक्षा दी है.

सुरक्षा के थे कड़े इंतजाम

समारोह को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से कड़े सुरक्षा इंतजाम किये गये थे. थाना प्रभारी जनार्दन राउत जवानों के साथ लगातार क्षेत्र में गश्त करते नजर आये. जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. अंत में देश और क्षेत्र में अमन-चैन व सौहार्द कायम रहने की दुआ मांगी गयी.

कार्यक्रम को सफल बनाने में धुरकी के मुखिया महबूब अंसारी, सनाउल्लाह अंसारी, अख्तर अंसारी, अली, अब्बास अंसारी, अमजद अंसारी, खाला गांव के सदर जाबिर अंसारी, मुखिया प्रतिनिधि साबिर अंसारी, कुदुस अंसारी, खुसदर अंसारी, मेहताब अंसारी, एकबाल अंसारी, हदीस अंसारी तथा खुटिया गांव में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष इसराइल खान, फिरोज खान, इस्लाम खान, इकराम खान, कलाम अंसारी, अदुद खान आदि की सराहनीय भूमिका रही.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola