शहरी क्षेत्रों में आज से लागू होगी आचार संहिता

नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी, आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू
नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी, आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू प्रतिनिधि, गढ़वा नगर निकाय चुनाव को लेकर बुधवार को उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने समाहरणालय परिसर स्थित सभागार में प्रेस वार्ता की. इस दौरान उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन विभाग ने नगर निकाय चुनाव की घोषणा कर दी है और गुरुवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी. उपायुक्त ने जानकारी दी कि नामांकन 29 जनवरी से 4 फरवरी तक लिया जायेगा. इसके बाद 5 फरवरी को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी, 6 फरवरी को नाम वापसी व 7 फरवरी को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न (सिंबल) का आवंटन किया जायेगा. उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को मतदान कराया जायेगा और 27 फरवरी को मतगणना करायी जायेगी. उपायुक्त ने कहा कि गुरुवार से आदर्श आचार संहिता लागू हो जायेगी, जो केवल शहरी क्षेत्रों में प्रभावी रहेगी. इसमें गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र, श्री बंशीधर नगर नगर पंचायत व मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र शामिल हैं. चुनावी खर्च को लेकर उपायुक्त ने बताया कि नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अधिकतम 6 लाख रुपये खर्च कर सकेंगे, जबकि नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए 5 लाख रुपये की सीमा तय की यी है. वहीं नगर परिषद क्षेत्र में वार्ड पार्षद के लिए 1.50 लाख रुपये और नगर पंचायत क्षेत्र में एक लाख रुपये खर्च करने की अनुमति होगी. उन्होंने बताया कि गढ़वा नगर परिषद के लिए अपर समाहर्ता राज महेश्वरम को रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है. नगर पंचायत मझिआंव के लिए सदर एसडीएम संजय कुमार तथा नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर के लिए एसडीओ प्रभाकर मिर्धा रिटर्निंग ऑफिसर होंगे. वार्ड पार्षदों के चुनाव के लिए अलग-अलग निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किये गये हैं, जिनमें बीडीओ व सीओ शामिल हैं. प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, सदर एसडीएम संजय कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी परमेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैशर रजा सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे. निष्पक्ष चुनाव को लेकर प्रशासन प्रतिबद्ध उपायुक्त ने कहा कि चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. निष्पक्ष चुनाव को लेकर जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है. इसके लिए एक चुनाव नियंत्रण सेल का गठन किया गया है. मतदाताओं को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश पर नजर रखने के लिए निगरानी समिति भी सक्रिय रहेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि आदर्श आचार संहिता के तहत शहर में लगे पोस्टर और बैनर हटाये जायेंगे. चुनाव को प्रभावित करने वाले तत्वों पर रहेगी नजर : एसपी पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि चुनाव को लेकर पुराने वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि चुनाव को प्रभावित करने वाले तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी. अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी और नगर निकाय क्षेत्रों में लाइसेंसी हथियार जमा कराये जायेंगे. एसपी ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक नगर निकाय क्षेत्र में दो-दो चेक पोस्ट बनाये जायेंगे. जिले के तीन नगर निकायों में 76,559 मतदाता उपायुक्त ने बताया कि गढ़वा नगर निकाय चुनाव को लेकर गढ़वा जिले के तीन नगर निकाय क्षेत्रों में कुल 76,559 मतदाता है. इसमें 39,076 पुरुष और 37,483 महिला मतदाता शामिल हैं. उपायुक्त ने बताया कि गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में कुल 34,347 मतदाता हैं, जिनमें 17570 पुरुष व 16,777 महिला मतदाता हैं. वहीं श्री बंशीधर नगर नगर पंचायत में कुल 26,946 मतदाता हैं, जिनमें 13,749 पुरुष व 13,197 महिला मतदाता हैं. इसके अलावा मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 15,266 मतदाता हैं, जिनमें 7,757 पुरुष व 7,509 महिला मतदाता शामिल हैं. उपायुक्त ने बताया कि तीनों नगर निकाय क्षेत्रों में कुल 50 वार्ड हैं, जिसके लिए 89 मतदान केंद्र बनाये गये हैं. इनमें 50 सामान्य, 31 संवेदनशील व 8 अति संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं. उन्होंने बताया कि गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के वार्डों के लिए कुल 42 मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जिनमें 22 सामान्य, 16 संवेदनशील तथा व अति संवेदनशील मतदान केंद्र हैं. वहीं श्री बंशीधर नगर नगर पंचायत के 17 वार्डों के लिए 30 मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जिनमें 24 सामान्य और 6 संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं. इसके अलावा मझिआंव नगर पंचायत के 12 वार्डों के लिए कुल 17 मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जिनमें 9 सामान्य व संवेदनशील तथा 4 अति संवेदनशील मतदान केंद्र घोषित किए गये हैं.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




