Garhwa SIR: समयसीमा खत्म होने के बाद भी 7 दिन में 3,432 नए मतदाताओं ने किया आवेदन
मतदाता सूची में नाम जोड़ने की समयसीमा खत्म होने के बाद भी 7 दिनों में 3,432 नये आवेदन आए हैं. जानें क्या है पूरी प्रक्रिया और कब प्रकाशित होगी अंतिम सूची.
गढ़वा: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की समयसीमा 30 सितंबर को खत्म हो चुकी है, लेकिन मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया के दौरान आवेदन का सिलसिला पूरी तरह नहीं थमा है. 8 अक्टूबर को जारी रिपोर्ट के आंकड़ों की 30 सितंबर तक के आंकड़ों से तुलना करने पर सामने आया है कि इसके बाद सात दिनों में गढ़वा जिले में नये मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के 3,432 आवेदन दर्ज हुए. इसी अवधि में फॉर्म-8 के 2,764 आवेदन भी आये, जो नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन से संबंधित हैं.
भवनाथपुर में नये मतदाताओं के आवेदन ज्यादा
7 अक्टूबर तक गढ़वा जिले में फॉर्म-6 के कुल 26,882 आवेदन दर्ज हो चुके हैं. इनमें गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में 12,937 और भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में 13,945 आवेदन शामिल हैं. यानी नये मतदाताओं के नाम जोड़ने के आवेदन के मामले में भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र गढ़वा से आगे है. 7 अक्टूबर को भी भवनाथपुर में फॉर्म-6 के 126 और गढ़वा में 71 आवेदन आये. इससे अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले नये मतदाताओं के नाम जोड़ने को लेकर दोनों विधानसभा क्षेत्रों में सक्रियता का पता चलता है.
ये भी पढ़ें- रूपी सोरेन के निधन पर PM मोदी ने जताया दुख, परिवार के प्रति व्यक्त की संवेदना
गढ़वा में नाम-पता सुधार के आवेदन ज्यादा
मतदाता सूची में संशोधन से जुड़े आंकड़ों पर नजर डालें, तो गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में गतिविधि अधिक रही है. 7 अक्टूबर तक यहां फॉर्म-8 के 9,536 आवेदन दर्ज हुए हैं, जबकि भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में इनकी संख्या 9,902 है. हालांकि 7 अक्टूबर को आये नये फॉर्म-8 के आंकड़ों में गढ़वा आगे रहा. इस दिन गढ़वा में 211 और भवनाथपुर में 73 फॉर्म-8 आवेदन दर्ज किये गये. यानी अंतिम चरण में गढ़वा क्षेत्र में नाम, पता समेत अन्य विवरण दुरुस्त कराने की गतिविधि अपेक्षाकृत तेज रही.
फॉर्म-7 के 205 आवेदन, एक फॉर्म-6ए भी
फॉर्म-7 के तहत नाम हटाने से संबंधित आवेदन भी लगातार दर्ज हो रहे हैं. जिले में ऐसे आवेदनों की कुल संख्या 205 है. इनमें गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के 110 और भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के 95 आवेदन शामिल हैं. वहीं, फॉर्म-6ए का एक आवेदन भी दर्ज हुआ है. दावे-आपत्तियों का निबटारा 14 अक्टूबर तक किया जाना है. इसके बाद 19 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने का कार्यक्रम निर्धारित है. ऐसे में 7 अक्टूबर तक दर्ज हो रहे नये आवेदन और संशोधन संबंधी आवेदन अंतिम मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण होंगे.
ये भी पढ़ें- JSCA Ticket Black Marketing: टिकट खरीदने के लिए लगाए जा रहे दिहाड़ी मजदूर, बाद में दोगुने-तीन गुने दाम पर बिक्री
एक नजर में
- फॉर्म-6 : 26,882
- फॉर्म-7 : 205
- फॉर्म-8 : 19,438
- फॉर्म-6ए : 1
- 7 अक्टूबर को फॉर्म-6 : 197
- 7 अक्टूबर को फॉर्म-8 : 284
- दावे-आपत्तियों के निबटारे की अंतिम तिथि : 14 अक्टूबर
- अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन : 19 अक्टूबर
- एसआइआर के तहत दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की समयसीमा : 30 सितंबर
ये भी पढ़ें- India vs West Indies: रांची में टॉस बनेगा गेमचेंजर, बादल और ओस तय करेंगे मैच की दिशा
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए