लातेहार: फसल और घर बचाने को लगायी करंट वाली बाड़, चपेट में आकर जंगली हाथी की मौत
मृत हाथी को देखने के लिए जुटी लोगों की भीड़ / प्रभात खबर
बालूमाथ में एक ग्रामीण ने अपने घर और फसल को बचाने के लिए बाड़ में बिजली का करंट दौड़ाया था। इस दौरान एक जंगली हाथी करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वन विभाग मामले की जांच कर रहा है।
मो शमीम की रिपोर्ट
आपके शहर में
बालूमाथ (लातेहार). बालूमाथ थाना क्षेत्र के झाबर पंचायत के कोमर गांव स्थित कुशी टोला पारनदी में बिजली करंट की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गयी. बताया जा रहा है कि हाथी के हमले से बचने के लिए एक ग्रामीण ने अपने घर के चारों ओर बाड़ लगाकर उसमें बिजली करंट प्रवाहित कर दिया था. इसी बाड़ की चपेट में आने से हाथी की मौके पर ही मौत हो गयी.
घर में घुसकर मचाया था उत्पात
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात कुशी टोला पारनदी निवासी बिफा उरांव के घर पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया था. हाथी ने घर के एक हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया और अंदर रखे अनाज को खा गया. घटना के समय बिफा उरांव अपनी पत्नी और बच्चे के साथ घर में सो रहे थे. हाथी के हमले की आवाज सुनकर परिवार के सभी सदस्य किसी तरह घर से बाहर निकले और अपनी जान बचायी. इसके बाद हाथी ने घर के पास लगी मक्का की फसल को भी रौंदकर बर्बाद कर दिया.
सुरक्षा के लिए करंट वाली बाड़
हाथी के हमले से डरे बिफा उरांव ने अपने और परिवार की सुरक्षा के लिए घर के तीन तरफ बाड़ लगा दी. जंगली हाथी दोबारा घर के पास नहीं पहुंचे, इसके लिए ग्रामीण ने बाड़ में बिजली करंट प्रवाहित कर दिया. बुधवार की सुबह विचरण करते हुए एक जंगली हाथी बिफा उरांव के घर के पास पहुंच गया. इसी दौरान वह बिजली प्रवाहित बाड़ की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी.
मौत की खबर फैलते ही जुटी भीड़
सुबह होते ही जंगली हाथी की मौत की खबर पूरे क्षेत्र में फैल गयी. इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये और मृत हाथी को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गयी. घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही है. हाथी की मौत के कारणों और बिजली प्रवाहित बाड़ लगाने की परिस्थितियों की भी जांच की जाएगी.
हाथियों के विचरण के लिए मुफीद है इलाका
बालूमाथ प्रखंड के अधिकांश इलाके जंगली हाथियों के विचरण के लिए अनुकूल माने जाते हैं. क्षेत्र में अक्सर हाथियों के आने और ग्रामीण इलाकों में नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आती रहती हैं. ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के उत्पात को रोकने और लोगों की सुरक्षा के लिए वन विभाग की ओर से ठोस पहल की जरूरत है. ग्रामीणों के मुताबिक, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग अपने स्तर पर हाथियों से बचाव के उपाय करने को मजबूर हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए