महिला की संदिग्ध मौत पर भड़का आक्रोश:सरैयाहाट में शव रखकर सड़क जाम
संदिग्ध मौत पर भड़का आक्रोश | Prabhat Khabar Network
सरैयाहाट में महिला की संदिग्ध मौत से आक्रोश. ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप. ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम कर की जांच की मांग.
प्रतिनिधि, सरैयाहाट. थाना क्षेत्र के सरैया बस्ती में चांदनी बीवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ. मृतका की मां मुनकी बीवी द्वारा ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद आक्रोशित ग्रामीण शव लेकर सरैयाहाट थाना पहुंच गए और थाना के समीप सड़क पर शव रखकर जाम कर दिया. इससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
आपके शहर में
शादी के बाद से दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
बताया जाता है कि चांदनी बीवी की शादी वर्ष 2023 में हुई थी. मृतका की मां की ओर से थाना में दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहा था. करीब दो लाख रुपये और अन्य सामान की मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था.
साजिश के तहत हत्या का लगाया आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही प्रताड़ना के बीच महिला की साजिश के तहत हत्या कर दी गयी. परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना को सामान्य बताने का प्रयास किया गया. महिला की संदिग्ध मौत की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग शव लेकर थाना पहुंच गए.
आरोपी की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग
थाना के समीप शव रखकर सड़क जाम कर रहे ग्रामीण आरोपी पक्ष की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे. ग्रामीणों का कहना था कि मामले की पूरी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
पुलिस ने संभाला मोर्चा, वाहनों की लगी कतार
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया. मौके पर हंसडीहा इंस्पेक्टर प्रियंका आनंद और सरैयाहाट थाना प्रभारी अनुज कुमार मौजूद थे. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए जाम हटाने का प्रयास किया. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
पुलिस मामले की जांच में जुटी है. मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए