दुमका में ब्लड बैंक की व्यवस्था होगी और सुगम, मेडिकल कॉलेज में शिफ्टिंग की तैयारी
ब्लड बैंक का निरीक्षण करने पहुंचे उपायुक्त, साथ में सिविल सर्जन व अन्य. | Prabhat Khabar Network
दुमका ब्लड बैंक अब फूलो झानो मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट होगा. उपायुक्त ने जल्द प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया, जिससे मरीजों को बड़ी सहूलियत मिलेगी.
दुमका : उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने शुक्रवार को दुमका स्थित ब्लड बैंक का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने रक्त की उपलब्धता, भंडारण, जांच, संग्रहण एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान उन्होंने दिग्घी स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ब्लड बैंक को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
मेडिकल कॉलेज में ब्लड बैंक से मरीजों को होगी सहूलियत
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि ब्लड बैंक को मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित करने को लेकर आवश्यक प्रारंभिक प्रक्रिया जल्द पूरी की जाये, ताकि समय रहते सभी औपचारिकताएं पूरी कर ब्लड बैंक को शिफ्ट किया जा सके. उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में ब्लड बैंक के संचालन से मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था और अधिक सुगम हो सकेगी.
रक्त के उपलब्ध स्टॉक की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न रक्त समूहों के उपलब्ध स्टॉक की समीक्षा की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए. रक्त का पर्याप्त स्टॉक बनाये रखने के लिए नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने और आमजनों के बीच जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया.
रक्त की जांच में लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश
उपायुक्त ने रक्त संग्रहण से लेकर जांच, भंडारण और वितरण तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि रक्तदान के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक यूनिट की निर्धारित सेफ्टी प्रोटोकॉल के अनुसार जांच सुनिश्चित की जाये. जांच एवं अन्य प्रक्रियाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता नहीं होनी चाहिए.
आइस पैक के साथ रक्त उपलब्ध कराने का निर्देश
उन्होंने ब्लड बैंक से रक्त प्राप्त करने वाले लोगों को आइस पैक के साथ रक्त उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि रक्त की गुणवत्ता और सुरक्षा बनी रहे. उपायुक्त ने रक्त की उपलब्धता और वितरण से संबंधित रिकॉर्ड को सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर आमजनों को रक्त की उपलब्धता की जानकारी आसानी से मिल सके.
खराब रेफ्रिजरेटर जल्द दुरुस्त कराने को कहा
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्लड बैंक के रेफ्रिजरेटर में उपलब्ध रक्त की स्थिति की भी जानकारी ली. एक रेफ्रिजरेटर खराब मिलने पर उसे जल्द से जल्द दुरुस्त कराने का निर्देश दिया, ताकि रक्त के सुरक्षित भंडारण में किसी प्रकार की बाधा न हो.
नियमित रक्तदान शिविर लगाने पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है. उन्होंने कॉलेज, एनसीसी, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं अन्य सामाजिक संगठनों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने और नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए