सावधान!फफूंद ने खोली पेड़े की पोल,बासुकिनाथ में 1764 किलो खेप जब्त
बासुकिनाथ श्रावणी मेला क्षेत्र दुकानों में जांच करते खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी.
बासुकिनाथ मेला में खाद्य सुरक्षा टीम का एक्शन! फफूंदी लगे पेड़े और भारी खेप जब्त.जानें क्या हुई कार्रवाई और कितने का लगा जुर्माना.
प्रतिनिधि, बासुकिनाथ. उपायुक्त के निर्देश पर श्रावणी मेला के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बासुकिनाथ मेला क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया. टीम ने नागनाथ चौक, पानी टंकी रोड और रामपुर रोड स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की. इस दौरान 11 खाद्य प्रतिष्ठानों में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (एमएफटीएल) के माध्यम से पेड़ा, सोनपापड़ी और छोला के कुल 27 नमूनों की ऑन-द-स्पॉट जांच की गयी.
आपके शहर में
जांच में मानक के अनुरूप नहीं पाये गये 100 किलो पेड़ा, 4.5 किलो सोनपापड़ी और 5 किलो छोला को मौके पर ही नष्ट कराया गया. खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर संबंधित खाद्य कारोबारियों पर कुल 5 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया.
पेड़ा कारखाने में औचक निरीक्षण

खाद्य सुरक्षा टीम ने पानी टंकी-रामपुर रोड स्थित इलायची दाना और पेड़ा निर्माण कारखाने का भी औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान निर्माण स्थल का फूड लाइसेंस नहीं पाया गया. इस पर खाद्य कारोबारकर्ता पर 5 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया.
निरीक्षण के दौरान पेड़ा कारखाने में भंडारित कई पैकेटों में फफूंद लगे पेड़ा पाये गये. मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा टीम ने नमूने संग्रहित किये और उन्हें राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की. जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी.
फफूंद लगे पेड़ा के संपर्क में आया 1764 किलो पेड़ा जब्त

फफूंद लगे पेड़ा और उसके संपर्क में आये कुल 1764 किलो पेड़ा को अग्रेतर कार्रवाई के लिए विधिवत जब्त कर लिया गया. खाद्य सुरक्षा टीम ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विभाग की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि मेला क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा.
जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अंजना रानी मिंज, जरमुंडी थाना पुलिस बल, एमएफटीएल के जूनियर एनालिस्ट शुभम कुमार और लैब अटेंडेंट सुधांश कुमार उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए