बंदूक के बल पर टोटो छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचा
टोटो छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार एवं बरामद वाहन. | Prabhat Khabar Network
बंदूक के बल पर टोटो छीनने वाले आरोपी कालू दे को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया. चोरी हुई टोटो भी बरामद की गई, जिससे लोगों का पुलिस पर विश्वास बढ़ा.
प्रतिनिधि, गोपीकांदर. गोपीकांदर थाना क्षेत्र के कुशचिरा गांव निवासी रवीन्द्र पाल से बंदूक की नोक पर टोटो छीनने के मामले में पुलिस ने आरोपी कालू दे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. साहिबगंज जिले की रंगा थाना पुलिस ने घटना के महज एक दिन के भीतर कार्रवाई करते हुए छिनतई की गयी टोटो भी बरामद कर ली है.
बंदूक का भय दिखाकर छीनी थी टोटो
जानकारी के अनुसार, सोमवार को साहिबगंज जिले के रंगा थाना क्षेत्र में अपराधी ने बंदूक का भय दिखाकर रवीन्द्र पाल की टोटो छीन ली थी. घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया गया.
बरमसिया गांव में छापेमारी कर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की टीम ने साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमसिया गांव में छापेमारी कर आरोपी कालू दे, पिता मंगल दे, को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने छिनतई की गयी टोटो भी बरामद कर ली. फिलहाल बरामद वाहन को बरहेट थाना में सुरक्षित रखा गया है.
बताया जाता है कि आरोपी कालू दे मूल रूप से चोरकट्टा बरमसिया गांव का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, वह पूर्व से ही आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति रहा है. पुलिस का मानना है कि वह अपनी गतिविधियों के कारण बार-बार ठिकाना बदलकर रह रहा था, ताकि पुलिस की निगाहों से बच सके.
त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने की सराहना
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस ने कम समय में आरोपी को गिरफ्तार कर लूटी गयी टोटो बरामद कर ली. इससे आम लोगों में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है. रंगा थाना पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है.
वहीं, पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए